बड़ी खबर: दून डीएम का जनता दर्शन बना राहत का मंच। सैकड़ों  शिकायतों पर तुरंत एक्शन 

देहरादून, अप्रैल 2026/नीरज उत्तराखंडी 

जिलाधिकारी सविन बंसल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित ऋषिपर्णा सभागार में आयोजित ‘जनता दर्शन’ कार्यक्रम एक बार फिर आमजन के लिए बड़ी राहत का माध्यम बना।

कार्यक्रम में आज 212 से अधिक शिकायतें दर्ज हुईं, जिन पर जिलाधिकारी ने मौके पर ही सुनवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण के सख्त निर्देश दिए।

बुजुर्ग को बड़ी राहत: 31,657 रुपये का पानी बिल माफ

छबीलबाग कांवली रोड निवासी 82 वर्षीय दिव्यांग बुजुर्ग नत्थीलाल ने अपने भारी-भरकम पानी के बिल को लेकर गुहार लगाई। उनका पुत्र पिछले 12-13 वर्षों से लापता है और दो पोतों की जिम्मेदारी उन्हीं पर है।

मामले को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने जल संस्थान से रिपोर्ट तलब की। जांच के बाद 11,487 रुपये का ब्याज माफ किया गया और शेष 20,170 रुपये की राशि ‘राइफल फंड’ से जमा कराते हुए बुजुर्ग को राहत प्रदान की गई।

मृतक श्रमिक के परिवार को न्याय की राह

विकासनगर निवासी मीना बंसल ने बताया कि उनके पुत्र की वर्ष 2023 में होटल में दुर्घटना के बाद मृत्यु हो गई थी, लेकिन कंपनी द्वारा कोई मुआवजा नहीं दिया गया।
इस पर डीएम ने सहायक श्रम आयुक्त को निर्देश दिए कि संबंधित फर्म के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाए और लेबर कोर्ट में वाद दाखिल कर 2 माह के भीतर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

बुजुर्ग दंपति को सुरक्षा का भरोसा

ऋषिकेश निवासी नीलम अरोड़ा और उनके पति ने घरेलू प्रताड़ना की शिकायत दर्ज कराई। जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम कोर्ट ऋषिकेश में भरण-पोषण अधिनियम के तहत वाद दर्ज करने के निर्देश दिए।

बेटियों की शिक्षा का जिम्मा प्रशासन ने उठाया

धर्मपुर निवासी रोशनी रावत ने अपनी आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण बेटियों की पढ़ाई में आ रही दिक्कत बताई।
डीएम ने तत्काल संज्ञान लेते हुए दोनों बालिकाओं की शिक्षा ‘प्रोजेक्ट नंदा-सुनंदा’ के तहत सुनिश्चित करने के निर्देश जिला कार्यक्रम अधिकारी को दिए।

सरकारी नहर क्षतिग्रस्त: जांच के आदेश

हर्रावाला निवासी बाबूराम मौर्य ने शिकायत की कि कुछ लोगों द्वारा सरकारी नहर को जेसीबी से क्षतिग्रस्त कर दिया गया है, जिससे फसल प्रभावित हो रही है।
इस पर जिलाधिकारी ने एडीएम, एसडीएम डोईवाला और लघु सिंचाई विभाग के अधिकारियों को मौके पर जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री की प्रेरणा से संचालित इस जनदर्शन कार्यक्रम में लगातार बढ़ती भीड़ प्रशासन के प्रति जनता के विश्वास को दर्शा रही है।डीएम सविन बंसल ने स्पष्ट किया कि प्रत्येक शिकायत का संवेदनशीलता के साथ त्वरित और प्रभावी निस्तारण प्रशासन की प्राथमिकता है।

📢 खबरों को सबसे पहले पाने के लिए पर्वतजन को फॉलो करें

👉 WhatsApp Channel Join करें 👉 WhatsApp Group Join करें 📲 App Download करें

Related Posts