दर्दनाक: घास लेने गई महिला पर हिंसक वन्यजीव का हमला, क्षत-विक्षत शव बरामद

ब्रेकिंग न्यूज़(कमल जगाती, नैनीताल)/Nainital News :

उत्तराखंड के नैनीताल जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां जंगल में घास लेने गई एक महिला को हिंसक वन्यजीव ने अपना शिकार बना लिया। यह घटना ज्युलिकोट क्षेत्र के ज्यूली गांव की है, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार,ज्यूली गांव निवासी करीब 50 वर्षीय दीपा पांडे मवेशियों के लिए चारा लेने जंगल गई थीं। उनके साथ दो अन्य महिलाएं भी थीं, जो दोपहर करीब दो बजे तक वापस लौट आईं, लेकिन दीपा पांडे घर नहीं पहुंचीं। काफी देर तक खोजबीन करने और आवाज लगाने के बाद भी जब उनका कोई पता नहीं चला, तो ग्रामीणों ने पुलिस और वन विभाग को सूचना दी।

जंगल में मिला क्षत-विक्षत शव

सूचना मिलने पर पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जंगल के अंदर सर्च अभियान चलाया। काफी अंदर महिला के कपड़े और क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ, जिसे देखकर अंदेशा लगाया जा रहा है कि किसी हिंसक वन्यजीव ने हमला कर उन्हें मार डाला और शरीर का कुछ हिस्सा खा लिया।

मौके पर वन विभाग के अधिकारी नितिन पंत और ममता चंद अपनी टीम के साथ पहुंचे। वहीं पुलिस की ओर से ज्युलिकोट चौकी प्रभारी श्याम सिंह बोरा ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है।

लगातार बढ़ रहे वन्यजीव हमले, लोगों में दहशत

नैनीताल और आसपास के पहाड़ी क्षेत्रों में हाल के दिनों में हिंसक वन्यजीवों के हमले की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। खासकर जंगल में घास और लकड़ी लेने जाने वाली महिलाओं पर खतरा अधिक बना हुआ है। इस घटना के बाद ग्रामीणों में भय का माहौल है और प्रशासन से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम की मांग उठने लगी है।

ज्यूली गांव की यह घटना एक बार फिर पहाड़ी क्षेत्रों में वन्यजीव-मानव संघर्ष की गंभीरता को उजागर करती है। प्रशासन और वन विभाग के सामने अब चुनौती है कि ऐसे हमलों को रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।

Also Read This:

📢 खबरों को सबसे पहले पाने के लिए पर्वतजन को फॉलो करें

👉 WhatsApp Channel Join करें 👉 WhatsApp Group Join करें 📲 App Download करें

Related Posts