देहरादून | 23 अप्रैल 2026 | अपडेट: 12.10AM
भवाली–अल्मोड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई जब दोपाखी के पास एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। अल्मोड़ा से हल्द्वानी की ओर जा रही सैलानियों से भरी केमू की बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने पैराफिट से टकरा गई। इस हादसे में बस में सवार 30 यात्रियों में से 14 लोग घायल हो गए।
शादी समारोह से लौट रहे थे सैलानी
जानकारी के अनुसार, बस में सवार सभी यात्री अल्मोड़ा में एक शादी समारोह में शामिल होकर हल्द्वानी वापस लौट रहे थे। इसी दौरान दोपाखी के पास चालक बस से नियंत्रण खो बैठा और यह हादसा हो गया। बस में राजस्थान, कोलकाता और पंजाब से आए सैलानी भी शामिल थे, जिससे घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को तुरंत गरमपानी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया गया। वहां मौजूद डॉक्टरों ने सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया।
सीएचसी में उपचार के बाद 14 में से 5 यात्रियों की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए हल्द्वानी हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। अन्य घायलों का इलाज गरमपानी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ही जारी है।
हादसे की जांच जारी
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बस के अनियंत्रित होने के कारण यह हादसा हुआ है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।यह हादसा एक बार फिर पहाड़ी मार्गों पर सुरक्षित ड्राइविंग और सावधानी की जरूरत को उजागर करता है।
Also Read This:




