बड़ी खबर: नीती घाटी में फटा बादल,तमक नाले पर बना वैली ब्रिज बहा। BRO ऑपरेटर भी लापता 

गिरीश चंदौला/चमोली। भारत-चीन सीमा से सटी चमोली जिले की नीती घाटी में सोमवार को मौसम ने अचानक करवट ली। तमक गधेरे में बादल फटने के बाद तेज बारिश और उफनते पानी की चपेट में आने से BRO की ओर से निर्मित वैली ब्रिज बह गया। पुल के बहने से नीती घाटी की ओर आवाजाही पूरी […]

गिरीश चंदौला/चमोली। भारत-चीन सीमा से सटी चमोली जिले की नीती घाटी में सोमवार को मौसम ने अचानक करवट ली। तमक गधेरे में बादल फटने के बाद तेज बारिश और उफनते पानी की चपेट में आने से BRO की ओर से निर्मित वैली ब्रिज बह गया।

पुल के बहने से नीती घाटी की ओर आवाजाही पूरी तरह प्रभावित हो गई है और क्षेत्र का जिला मुख्यालय से सड़क संपर्क बाधित हो गया है।
बताया जा रहा है कि तमक गधेरे में एक के बाद एक तीन बार बादल फटने की घटना हुई। इसके बाद नाले में अचानक पानी का प्रवाह बढ़ गया और तेज बहाव अपने साथ वैली ब्रिज को भी बहा ले गया।

घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। मौके पर मौजूद लोगों ने बादल फटने और पुल के बहने का वीडियो अपने मोबाइल फोन में कैद किया, जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित होने लगा।

BRO का एक ऑपरेटर लापता होने की सूचना

घटना के बाद BRO के एक ऑपरेटर के लापता होने की सूचना सामने आई है। जोशीमठ के उप जिलाधिकारी चंद्रशेखर वशिष्ठ ने बताया कि उनकी BRO के मेजर से टेलीफोन पर बातचीत हुई है। मेजर की ओर से एक ऑपरेटर के लापता होने की जानकारी दी गई है।

एसडीएम के अनुसार, ऑपरेटर मशीन चला रहा था। अचानक आई तेज बारिश और पानी के बढ़े बहाव के बाद उसका पता नहीं चल पाया। आशंका है कि वह तेज पानी के बहाव में बह गया हो।

हालांकि, इसकी वास्तविक स्थिति मौके पर आपदा टीमों के पहुंचने और खोजबीन के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

आपदा टीमें मौके के लिए रवाना

घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है। प्रशासन, आपदा प्रबंधन टीम, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ समेत संबंधित विभागों की टीमें घटनास्थल के लिए रवाना हो गई हैं। मौके पर पहुंचने के बाद स्थिति का जायजा लेने के साथ ही लापता ऑपरेटर की तलाश और प्रभावित क्षेत्र में राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जाएगा।

नदी-नालों से दूर रहने की अपील

जिला प्रशासन ने नीती घाटी के ग्रामीणों और क्षेत्र में मौजूद लोगों से नदी-नालों के किनारे नहीं जाने की अपील की है। लगातार बारिश और अचानक बढ़ रहे जलस्तर को देखते हुए संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि मौसम सामान्य होने और मार्ग की स्थिति स्पष्ट होने तक नीती घाटी की ओर आवाजाही से बचें। किसी भी तरह की जोखिम भरी यात्रा न करें और प्रशासन की ओर से जारी सूचना के बाद ही आगे बढ़ें।

मौसम विभाग की चेतावनी के बीच हुआ हादसा

चमोली में पिछले कुछ समय से लगातार बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग की ओर से भी प्रदेश में भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया था। इसी बीच नीती घाटी जैसे सीमावर्ती और संवेदनशील क्षेत्र में बादल फटने की घटना ने एक बार फिर पहाड़ी क्षेत्रों में मौसम की अनिश्चितता और आपदा के खतरे को सामने ला दिया है।
वैली ब्रिज के बह जाने से भारत-चीन सीमा की ओर जाने वाली नीती घाटी में आवाजाही पर तत्काल प्रभाव पड़ा है। अब प्रशासन और आपदा टीमें मौके पर स्थिति का आकलन कर रही हैं। मार्ग कब तक बहाल हो पाएगा, यह मौके की स्थिति और मौसम पर निर्भर करेगा।

Also Read This

ब्रेकिंग: जमानत के लिए हाईकोर्ट पहुंचे अंकिता भंडारी हत्याकांड के आरोपी, जानिए क्या कुछ हुआ!

नैनीताल: कमल जगाती उत्तराखंड के बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड में दोषी ठहराए गए मुख्य अभियुक्त पुलकित आर्य समेत तीनों आरोपियों की जमानत याचिकाओं पर नैनीताल...

बड़ी खबर : यूको बैंक पर उपभोक्ता आयोग सख्त । गोल्ड लोन में गिरवी रखे गहने लौटाने का आदेश

गोल्ड लोन को गिरवी रखे सोने के आभूषण मय मुआवजा लौटाने का आदेश जिला उपभोक्ता आयोग उधमसिंह नगर ने दिया यूको बैंक को...

Related Posts