- एसबीआई ने ग्राहकों को दी सलाह, डिजिटल बैंकिंग और एटीएम सेवाओं का इस्तेमाल करने की अपील
देहरादून, 25 सितंबर 2026।नीरज उत्तराखंडी
यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन की ओर से 28 सितंबर से 30 सितंबर 2026 तक तीन दिवसीय बैंक हड़ताल का प्रस्ताव दिया गया है। प्रस्तावित हड़ताल को देखते हुए भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) ने अपने ग्राहकों को जरूरी बैंकिंग लेनदेन पहले ही पूरा करने की सलाह दी है।
एसबीआई की ओर से जारी सूचना में कहा गया है कि हड़ताल की अवधि के दौरान ग्राहकों को आवश्यक बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराने का भरसक प्रयास किया जाएगा। हालांकि, हड़ताल के कारण बैंकिंग सेवाओं पर संभावित प्रभाव को देखते हुए ग्राहकों से पहले से तैयारी रखने का अनुरोध किया गया है।
बैंक ने ग्राहकों से कहा है कि 28 सितंबर से पहले आवश्यक बैंकिंग लेनदेन और अन्य जरूरी कार्य निपटा लें। नकदी की आवश्यकता होने पर एटीएम और एडीडब्ल्यूएम का उपयोग करने की सलाह दी गई है।
इसके अलावा ग्राहक ग्राहक सेवा केंद्र (सीएसपी), इंटरनेट बैंकिंग, योनो, मोबाइल बैंकिंग, यूपीआई सहित अन्य डिजिटल बैंकिंग माध्यमों का इस्तेमाल कर सकते हैं।
एसबीआई ने ग्राहकों से सहयोग की अपील करते हुए संभावित असुविधा के लिए खेद व्यक्त किया है।


