रिटायर कर्नल ने पहले नशे मे किया एक्सीडेंट। फिर दिखाई ऐंठ। पुलिस ने उतारी हनक

देहरादून।  29 फरवरी शनिवार को शहर के बल्लीवाला चौक के निकट ही अनुराग चौक पर दो व्यक्तियों में एक छोटी सी बात से ही बड़ा बवाल खड़ा हो गया। बात इतनी बढी की थाने तक पहुंच गई। जानकारी के मुताबिक उत्तराखंड संयुक्त व्यापार मंडल के प्रदेश सचिव सुधीर कपूर अपने किसी निजी काम से अपने एक साथी के साथ वहां गए थे। तभी अचानक से तेजी में एक व्यक्ति ने अपनी कार को बैक करते हुए व्यापारी की गाड़ी पर पीछे से टक्कर मार दी। जब व्यापारी ने उक्त व्यक्ति को अपनी कार से उतरकर रोका तब व्यक्ति द्वारा बताया गया कि, वह इंडियन आर्मी का रिटायर्ड कर्नल है।

जानकारी देते हुए कपूर ने बताया कि, उनके द्वारा रिटायर्ड कर्नल से बेहद सलीके से बात की गई परंतु उसने बेहद शराब पी हुई थी और इंडियन आर्मी की धौंस दिखाकर व्यापारी के संग गाली-गलौच करने लगा व थोड़ी ही देर में हाथापाई पर उतारू हो गया और व्यापारी को गोली से जान से मारने की धमकी देने लगा। अपने बचाव में व्यापारी ने तुरंत घटना की सूचना 100 नंबर डायल कर पुलिस को दी। घटना थाना वसंत विहार के निकट की है। सूचना पाते ही तुरंत पुलिस मौके पर पहुंची और घटना का जायजा लिया। जिस पर पुलिस ने पाया कि, घटनास्थल पर भी आर्मी के रिटायर्ड कर्नल द्वारा व्यापारी संग अभद्रता की जा रही थी।

जब मामला थाने पहुंचा तो थाने में भी उक्त व्यक्ति पुलिस पर अपनी आर्मी की धौंस जमाने लगा। बता दें कि, रिटायर्ड कर्नल शराब के नशे में धुत था, पुलिस ने रिटायर्ड कर्नल का जब मेडिकल करवाया तो मेडिकल में पाया कि, व्यक्ति ने शराब का सेवन किया हुआ था। रिटायर्ड कर्नल बार-बार व्यापारी से बदतमीजी, बदसलूकी कर रहा था। जिस पर व्यापारी ने रिटायर्ड कर्नल के खिलाफ थाना वसंत विहार में शिकायती पत्र देकर मुकदमा दर्ज कराया।

थाना वसंत विहार के एसओ नत्थीलाल उनियाल द्वारा धारा- 279, 323, 506, 427 धाराओं में रिटायर्ड कर्नल के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया गया। साथ ही व्यक्ति को अपनी हिरासत में लिया गया क्योंकि वह शराब के नशे में था। बाद में देर रात रिटायर्ड कर्नल के किसी परिजन ने थाने पहुंचकर उन्हें जमानत पर छुड़वा लिया। अब आगे की कार्रवाई मा. न्यायालय के आदेशानुसार होगी।

सूत्रों से ज्ञात हुआ है कि, उक्त व्यक्ति अपने को आर्मी का रिटायर्ड कर्नल बताकर अक्सर लोगों पर अपनी धौंस जमाता है। जिससे उसके मोहल्ले के लोग भी खासा परेशान है।

📢 खबरों को सबसे पहले पाने के लिए पर्वतजन को फॉलो करें

👉 WhatsApp Channel Join करें 👉 WhatsApp Group Join करें 📲 App Download करें

Related Posts