असर : स्क्रबर में रह रही महिला को मिला राशन-पानी और ठिकाना

लोहाघाट। मीडिया और सामाजिक कार्यकर्ताओं की सक्रियता से स्क्रबर में रह रही वृद्ध महिला को पुलिस ने फिलहाल आशियाना उपलब्ध करा दिया है। यही नहीं उनके लिए राशन-पानी की व्यवस्था भी की गई है। लॉकडाउन के बाद महिला के लिए स्थायी व्यवस्था की जाएगी।

चंपावत के पत्रकार नवीन देऊपा ने यह खबर उठाई थी। महिला की पीड़ा को प्रमुखता से प्रकाशित किया गया और वृद्ध महिला को आशियाने की मांग की गई थी। इस पर पाठकों की प्रतिक्रिया का व्यापक असर हुआ और प्रशासन ने संज्ञान लेते हुए पुलिस को वृद्धा का रहने का प्रबंध करने के निर्देश दिए।  स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता सुनील वर्मा और मन्ना वर्मा के सहयोग से महिला को राशन-पानी  और आशियाना उपलब्ध करा दिया है।
बताते चलें कि बाराकोट लिंक रोड के पास कैलाड़ी तोक के धारागाड़ बिजली सब स्टेशन के पास स्क्रबर में कोठेरा गांव की वृद्ध जयंती देवी रह रही थी। वह अंधेरे में जानवरों की तरह जी रही थी और जानवरों के डर से वह कंटीली झाडिय़ों से स्क्रबर को ढक कर रखती थी।
लोहाघाट थाना प्रभारी मनीष खत्री बताते हैं कि प्रशासन के निर्देश पर महिला को एक पुराने घर में गुरुवार शाम को ठहरा दिया गया है। वहां खाने की व्यवस्था भी की गई है। लॉकडाउन के बाद महिला के लिए रहने के प्रबंध कर दिए जाएंगे।

📢 खबरों को सबसे पहले पाने के लिए पर्वतजन को फॉलो करें

👉 WhatsApp Channel Join करें 👉 WhatsApp Group Join करें 📲 App Download करें

Related Posts