उत्तराखंड में आपदा पर्यटन और पीएम सीएम सारे मौन

जगमोहन रौतेला// गत विधानसभा चुनाव में देश के चौकीदार जी ने उत्तराखण्ड की जनता से वायदा किया था कि भाजपा की सरकार बनने पर मुख्यमन्त्री चाहे कोई भी हो , लेकिन वे सरकार पर नजर रखने के साथ – साथ राज्य के लोगों का भी ख्याल करेंगे . भ्रष्टाचार पर मैं कोई बात नहीं करुँगा […]

जगमोहन रौतेला//

गत विधानसभा चुनाव में देश के चौकीदार जी ने उत्तराखण्ड की जनता से वायदा किया था कि भाजपा की सरकार बनने पर मुख्यमन्त्री चाहे कोई भी हो , लेकिन वे सरकार पर नजर रखने के साथ – साथ राज्य के लोगों का भी ख्याल करेंगे . भ्रष्टाचार पर मैं कोई बात नहीं करुँगा , क्योंकि वह तो केवल विपक्ष के लोग करते हैं . सत्ता में बैठे सारे लोेग गंगा जल की तरह पवित्र ( वैसे गंगा अब बहुत प्रदूषित हो गई है . यह सरकार भी मानती है ) हैं .
पर आज १५ अगस्त को देश को सम्बोधित करते हुए देश के प्रधान सेवक ने पिथौरागढ़ जिले के मालपा हादसे पर दो तो छोड़िए , एक शब्द भी कुछ नहीं कहा . जिसमें तीन दर्जन से ज्यादा लोगों के मारे जाने की आशंका है . उसमें भी एक दर्जन से अधिक हमारे देश के सैनिक हैं . आम आदमी तो चलिए हर रोज , हर जगह , हर समय मरता रहता है , उसकी मौत पर क्या मातम मनाना ? जब मासूम बच्चों की तड़पते हुई मौत पर आपका दिल नहीं पसीजा तो भूस्खलन में मारे गए लोगों पर क्या पसीजेगा ? यह इसलिए लिख रहा हूँ कि मासूमों की मौत पर आपने कोई ” ट्वीट ” नहीं किया . नहीं तो आप तो पड़ोस के प्रधानमन्त्री की मॉ की तबीयत खराब होने की खबर मात्र मिलने से उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना का ट्वीट कर देते हैं .
पर कम से कम लालकिले से तो एक दर्जन सैनिकों के शहीदों होने पर और कुछ नहीं तो श्रद्धांजलि ही दे देते . वैसे सुना और पढ़ा तो बहुत है कि आपके पास एक ऐसी टीम है , जो आपको देश – दुनिया की पल – पल की खबरों से अवगत कराती रहती है . पर आपकी इस टीम ने आपको मालपा हादसे के 36 घंटे ( लालकिले से बोलते समय इतना ही वक्त गुजरा था ) बाद भी कुछ नहीं बताया ? और आपकी पार्टी के मुख्यमन्त्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने भी इस बारे में आपको या आपके कार्यालय के कुछ बताना उचित नहीं समझा क्या ? वह भी तब जब मौसम खराब होने के कारण मुख्यमन्त्री वहॉ नहीं पहुँच पाए .
वैसे लगता है कि जिस तरह आपकी पार्टी के एक दूसरे मुख्यमन्त्री योगी जी महाराज को मासूम बच्चों की मौत पर कोई आश्चर्य और अफसोस नहीं होता . वह उसे सामान्य घटना करार देते हैं . लगता है कि वैसा ही कुछ आपकी पार्टी के उत्तराखण्ड के मुख्यमन्त्री त्रिवेन्द्र रावत को भी लगता है , क्योंकि वे जब मालपा हादसे की ऑखों देखी के लिए आपने वित्त व शराब मन्त्री प्रकाश पंत के साथ हेलीकॉप्टर में उड़ रहे थे तो वित्त मन्त्री को हवाई उड़ान में अपने मुख्यमन्त्री के भूख की चिंता भी थी . तभी तो वे कुरकुरे और चिप्स के पैकेटों का थैला लेकर साथ में चल रहे थे और हवाई उड़ाने में ससम्मान उन्हें मुख्यमन्त्री जी को पेश भी कर रहे थे . हमारे राज्य के मुख्यमन्त्री भी इन दिनों आपदा को भी पर्यटन के रुप में ले रहे हैं . बहुत बढ़िया नजर है साहेब आपकी अपनी पार्टी की सरकार पर !
वैसे यह उत्तराखण्ड में पहली बार नहीं हो रहा है . जब 2013 उत्तराखण्ड में भीषण आपदा आई थी और कॉग्रेस सरकार के मुख्यमन्त्री विजय बहुगुणा ( जो अब आपकी पार्टी की शान हैं ) थे तो तब भी मन्त्रियों , अधिकारियों व मीडिया के कई साथियों ने आपदाग्रस्त क्षेत्र को देखने और वहॉ सहायता पहुँचाने के नाम पर जमकर ” आपदा पर्यटन ” किया था . तब भी किसी को शर्म नहीं आई थी तो अब भी क्योें किसी को शर्म आए !
शायद आपदा को पर्यटन समझने के कारण उत्तराखण्ड के मुख्यमन्त्री ने आपको कुछ नहीं बताया और वैसा ही आपकी उस टीम ने भी किया जो आपको देश , दुनिया की मिनट दर मिनट खबर देती है .
कारण जो भी रहा हो पर मालपा हादसे पर आपका दो शब्द न बोलना और शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि न देने से आपकी पार्टी के नेता आहत हों , चाहे न हों पर उत्तराखण्ड का जनमानस बहुत आहत है साहेब !

Also Read This

वीडियो: सजग इंडिया के अध्यक्ष ललित जोशी को मिला भारत सरकार का ‘नशा मुक्त मित्र अवार्ड 2026’। 15 वर्षों की मुहिम को राष्ट्रीय सम्मान

देहरादून। उत्तराखंड के शिक्षाविद् एवं सीआईएमएस एंड यूआईएचएमटी ग्रुप ऑफ कॉलेजेज तथा सजग इंडिया के अध्यक्ष ललित जोशी को नशा उन्मूलन के क्षेत्र में...

शिक्षा जगत के प्रेरणास्रोत बने डॉ. दिनेश वर्तवाल। ‘भारत शिक्षा रत्न सम्मान’ से हुए अलंकृत

शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट नेतृत्व, नवाचार, गुणवत्तापूर्ण शिक्षण और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के प्रति समर्पित कार्यों के लिए दून इंटरनेशनल स्कूल के...

Related Posts