बीडीओ ने प्रमुख पति पर लगाया बंधक बनाकर मार पीट का आरोप

पिथौरागढ़:- 

मूनाकोट ब्लॉक एक बार फिर से विवादों में आया है। यहां के बीडीओ ने ब्लॉक प्रमुख पति पर कमरे में बंधक बनाकर मार पीट का आरोप लगाते हुए पुलिस में तहरीर दी है। उन्होंने सीडीओ से भी मामले की शिकायत की है। उनका आरोप है कि ब्लॉक परिसर में मज़दूरों को ठहराने के लिए आवास देने को उन्होंने मना किया था। जिस पर ब्लॉक प्रमुख पति ने उनसे मार पीट की। 

सोमवार को मूनाकोट के बीडीओ गंगा सिंह विष्ट सहित अन्य कर्मचारियों ने जाजरदेवल थाने में ब्लॉक प्रमुख पति के खिलाफ तहरीर दी है। बीडीओ का आरोप है कि ब्लॉक प्रमुख पति जीवन वल्दिया ने मज़दूरों को ब्लॉक परिसर भवन में रखने के लिए उनके साथ फोन पर वार्ता की। उन्होंने सरकारी आवास में मज़दूरों को रखने के लिए मना कर दिया। जिसके बाद वे अपने कुछ साथियों के साथ उनके आवास में आ धमके और उन्हें कमरे में बंधक बना दिया। गाली-गलौच करते हुए उनका मोबाइल छीन लिया। किसी तरह बाहर निकलने के बाद वे वाहन से मुख्यालय की तरफ आ रहे थे तो सभी गाड़ी के आगे खड़े हो गए और उन्हें जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने इस मामले को लेकर पुलिस में तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है। उन्होंने सीडीओ से भी मामले की शिकायत की है। 

पांच माह पूर्व तत्कालीन बीडीओ ने गटक लिया था जहर

गौरतलब हो की मूनाकोट ब्लॉक में पांच माह पूर्व तत्कालीन बीडीओ ने ब्लॉक प्रमुख पति पर दबाव डालने का आरोप लगाते हुए जहर गटक लिया था। तब उन्हें लंबे समय तक अस्पताल में भर्ती रहना पड़ा। किसी तरह उनकी जान बचाई जा सकी। परिजनों ने भी ब्लॉक प्रमुख पति पर बीडीओ पर नायाजय दबाव डालने का आरोप लगाया था। तब यह मामला खूब चर्चाओं में रहा। फिर से एक बार इस मामले ने को लेकर चर्चाओं का माहौल गर्म है। 

प्रधानों ने बीडीओ व अन्य कर्मचारियों पर लगाया उत्पीड़न का आरोप

 ग्राम प्रधानों ने बीडीओ व अन्य कर्मचारियों पर उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए डीएम को पत्र दिया। प्रधानों का आरोप है कि मूनाकोट विकासखंड में बीडीओ व कुछ कर्मचारी विकास कार्यों का संचालन ठीक से नहीं कर रहे हैं। प्रमुख के कहने के बाद भी वे अपनी कार्यशैली में सुधार नहीं ला रहे हैं। उन्होंने बीडीओ के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। चेतावनी देते हुए कहा शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वे सामूहिक त्यागपत्र देंगे। 

 समर्थन में कनालीछीना ब्लॉक में तालाबंदी

 बीडीओ के समर्थन में कनालीछीना ब्लॉक के कर्मचारियों ने कार्यालय में तालाबंदी की। कर्मचारियों ने ब्लॉक प्रमुख पति के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए कार्य बहिष्कार किया। चेतावनी देते हुए कहा शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन करेंगे। 

जीवन वल्दिया, ब्लॉक प्रमुख पति, मूनाकोट ने कहा कि:-

 मुझ पर लगाए सभी आरोप निराधार हैं। बीडीओ जन प्रतिनिधियों का उत्पीड़न कर रहे हैं। मेरी तरफ से उनके साथ कुछ भी अभद्रता नहीं की गई। 

गंगा सिंह विष्ट, बीडीओ, मूनाकोट ने कहा कि:-

मुझे ब्लॉक प्रमुख पति ने कमरे में बंद कर मेरे साथ अभद्रता की। मुझे जान से मारने की धमकी दी गई। मुझ पर जबरन सरकारी भवन मजदूरों को देने का दबाव डाला जा रहा था। मेरे मना करने के बाद उन्होंने मेरा उत्पीड़न किया। 

📢 खबरों को सबसे पहले पाने के लिए पर्वतजन को फॉलो करें

👉 WhatsApp Channel Join करें 👉 WhatsApp Group Join करें 📲 App Download करें

Related Posts