उक्रांद के नेतृत्व में फैक्ट्री कर्मचारियों का ज़ोरदार प्रदर्शन। मुख्यमंत्री को ज्ञापन

उत्तराखंड क्रांति दल के नेतृत्व में आज बिरला यामा पावर सॉल्यूशन के कर्मचारियों ने उप जिलाधिकारी कार्यालय पर ज़ोरदार प्रदर्शन किया तथा जमकर नारेबाज़ी करते हुए मुख्यमंत्री को उप जिलाधिकारी के माध्यम से ज्ञापन प्रेषित किया।

 ग़ौरतलब है कि डोईवाला के लाल थप्पड़ स्थित बिरला फैक्ट्री पर कर्मचारियों का करोड़ों रुपया बकाया है | फैक्ट्री बंद होने पर देनदारी के चलते प्रशासन फैक्ट्री को सील करके नीलामी के लिए लिक्विडेटर नियुक्त कर दिया था किंतु मैनेजमेंट तथा शासन प्रशासन की मिली भगत के चलते लगभग ₹65करोड़ की भारी-भरकम मशीनरी चोरी हो गई थी। 

 यह मशीनें बिना जेसीबी और क्रेन की मदद के नहीं निकाली जा सकती थी। 

उत्तराखंड क्रांति दल के पूर्व अध्यक्ष तथा संरक्षक बीडी रतूड़ी ने कहा कि उत्तराखंड क्रांति दल कर्मचारियों के हितों की लड़ाई आखिरी दम तक लड़ेगा। 

उत्तराखंड क्रांति दल के नेता शिव प्रसाद सेमवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत की विधानसभा डोईवाला में यह चोरी उत्तराखंड के इतिहास की सबसे बड़ी चोरी है लेकिन शासन प्रशासन की चुप्पी हैरत जनक है।

 उत्तराखंड क्रांति दल के नेता डी एम काला ने अपने संबोधन के दौरान कहा कि एक बार फैक्ट्री सील होने और लिक्विडेटर बिठाए जाने के बाद सारी ज़िम्मेदारी लिक्विडेटर और शासन प्रशासन की बनती है ऐसे में प्रशासन को इस पर कार्यवाही करनी चाहिए ताकि फैक्ट्री कर्मचारियों को जल्दी से जल्दी उनका हक मिल सके।

 उत्तराखंड क्रांति दल के वीरेंद्र थापा ने कहा कि कर्मचारी अपना काम करता है। मैनेजमेंट और शासन प्रशासन की गलती का नुकसान कर्मचारियों को नही भुगतना चाहिए।केंद्रीय सचिव युवा मोर्चा अरविंद बिष्ट ने सभी कर्मचारियों को एकजुट होकर लड़ाई लड़ने का आह्वान किया और आंदोलन को सुचारु रूप से चलाने के लिए एक कमेटी बनाने का भी सुझाव दिया जिसे सभी कर्मचारियों ने तत्काल मान लिया| 

 उप जिलाधिकारी कार्यालय के पास जमकर नारेबाज़ी करने के बाद सभी कर्मचारियों ने तहसीलदार के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा और वहीं पर एक सभा का भी आयोजन किया इस प्रदर्शन में बिरला यामा फैक्ट्री के सैकड़ों कर्मचारी मौजूद थे|  उत्तराखंड क्रांति दल के जिला अध्यक्ष केंद्र पाल सिंह तोपवाल ने सभी कर्मचारियों से अपनी लड़ाई लड़ने के लिए व्हाट्सएप और फेसबुक ग्रुप बनाने की आवश्यकता जताई। ताकि कार्यक्रम की बेहतर रणनीति और बेहतर क्रियान्वयन किया जा सके।

उत्तराखंड क्रांति दल के जोत सिंह गुसाईं ,अवतार सिंह बिष्ट,पिंकी थपलियाल’ सीमा रावत,धनवीर सिह रावत,प्रमोद डोभाल, सुरेंद्र चौहान, सहित बिरला यामा के बालम सिंह रावत, शैलेंद्र सिंह नेगी, मोहन सिंह रावत,अजय गोस्वामी, रामेश्वर  पांडेय, रुस्तम अली सहित सैंकड़ो कर्मचारी शामिल थे।

📢 खबरों को सबसे पहले पाने के लिए पर्वतजन को फॉलो करें

👉 WhatsApp Channel Join करें 👉 WhatsApp Group Join करें 📲 App Download करें

Related Posts