जिम्मेदारियों से पल्ला झाड़ के मुख्यमंत्री बदलने का नाटक: प्रीतम

 

रिपोर्ट/नीरज उत्तराखण्डी 

पुरोला:-

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह के पुरोला विधानसभा के एक दिवसीय भ्रमण में पुरोला-मोरी में पार्टी कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने भाजपा पर प्रदेश का विकास चौपट कर जिम्मेदारियों से पल्ला झाड़ के मुख्यमंत्री बदलने का नाटक करने का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा कि, किसानों और नौजवानों को झूठा वादा कर भाजपा ने जनता के साथ छलावा किया है| सरकार को भूमाफिया,शराब माफिया का संरक्षण से चल रही है, भ्रष्टाचार चरम पर है।

उन्होंने ने कहा कि, भाजपा से देश व प्रदेश की जनता का विश्वास टूट चुका है तथा भाजपा अपने खिलाफ जनता के आक्रोश को भांपकर चुनाव से 8 महीने पहले नेतृत्व परिवर्तन कर जनता को गुमराह करने का खेल खेल रही है किंतु इससे भाजपा को कोई फायदा नहीं होने वाला है|  भाजपा ने चेहरे बदले है नियत वही है।

उन्होंने ने पुरोला व मोरी में पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक में शिरकत कर विकास विरोधी भाजपा सरकार की नीतियों,चौपट विकास कार्य,रसोई गैस,डीजल व पेट्रोल की बढ़ती कीमतों,आसमान छूती महंगाई को लेकर गांव-गांव जाकर जनता को अवगत कराने का आह्वान किया।

प्रीतम सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री बदलकर भाजपा ने अपने नकारेपन को दिखाया है। विकास विरोधी भाजपा के चेहरे से नकाब उतर गया है। कांग्रेस अध्यक्ष ने 2022 चुनाव में कांग्रेस की पूर्ण बहुमत की सरकार बनने का दावा किया।उन्होंने कांग्रेसियों से आपसी मतभेद भुलाकर अभी से 2022 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने की अपील की।

बैठक में कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष किसन सिंह रावत,नगर पंचायत अध्यक्ष हरिमोहन नेगी,नगर अध्यक्ष जयेन्द्र रावत,पूर्व जज जयदेव शाह,प्यारेलाल हिमानी,मोरी ब्लॉक अध्यक्ष राजपाल रावत,रेखा नौटियाल,विहारी लाल,दिनेश खत्री,अतोला देवी,नारायणी देवी,मीना सेमवाल,प्रकाश कुमार,मनमोहन चौहान आदि दर्जनों कांग्रेसी उपस्थित थे।

📢 खबरों को सबसे पहले पाने के लिए पर्वतजन को फॉलो करें

👉 WhatsApp Channel Join करें 👉 WhatsApp Group Join करें 📲 App Download करें

Related Posts