गजब : यहां 50 घरों की लैट्रीन चट कर गये प्रधान जी !

उत्तराखंड में आज जिसे जैसे मौका मिल रहा है वह उत्तराखंड को उस प्रकार निचोड़ रहा है।

 ताजा मामला पौड़ी गढ़वाल के यमकेश्वर ब्लॉक के अंतर्गत आने वाली ग्राम सभा तल्ला बनास के पूर्व प्रधान व वर्तमान प्रधान पति का है, जिन पर ग्रामीणों ने गंभीर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए इसकी शिकायत प्रधानमंत्री कार्यालय को भेजी है,और आग्रह किया गया है कि इस की उच्च स्तरीय जाँच हो।

 ग्रामीणों ने विनोद नेगी पर मनरेगा जॉब कार्ड में अनियमितता करने से लेकर स्वजल, एलपीडी, शौचालय, कृषि विभाग की घेर बाड़ योजना आदि में भ्रष्टाचार से लेकर बारात घर को राशन डीलर को किराये में दिये जाने के आरोप लगाये हैं।

 शिकायत पत्र में कहा गया है कि लोगों ने अपने पैसे से 50 से अधिक शौचालय खुद बनाए थे, किंतु इन शौचालयों को मनरेगा के तहत निर्मित दिखाकर पूर्व प्रधान विनोद नेगी ने प्रत्येक शौचालय के लिए 12000 की मिलने वाली धनराशि खुद डकार ली और शौचालय मालिक को एक भी पैसा नहीं दिया। इसके लिए उन्होंने मजदूरों के खाते में यह धनराशि मंगवाई बाद में 500 रुपए छोड़कर बाकी धन उनसे वापस ले लिया।

इसी कड़ी में मनरेगा के तहत ग्रामसभा तल्ला बनास में पेयजल स्रोत निर्माण में भी गड़बड़ी का आरोप पूर्व प्रधान पर लगा है।

 ग्रामीण मदनलाल के खाते में ₹12000 भेजे गए और बाद में पूरे पैसे उससे वापस ले लिए गए, विनोद नेगी ने सरकारी धन की खुद तो बंदरबांट की ही, साथ में अपने चहेतों को भी इसका भरपूर लाभ दिलवाया, ब्लॉक द्वारा आवंटित सोलर लाइट को सार्वजनिक स्थलों पर लगाने के बजाय कुछ अपने चहेतों के वहां लगवा दी तो कुछ अपने निजी स्थान पर लगवा दी।

 विनोद नेगी द्वारा पानी के कनेक्शन के लिए प्रत्येक परिवार से ₹5000 लिए गए लेकिन पूर्व प्रधान ने अपने व अपने चहेतों के घर व्यक्तिगत कनेक्शन लगवा कर उसे सार्वजनिक दिखा दिया।

 बकरी बाड़ा योजना के तहत जिन लोगों को धन का आवंटन दिखाया गया, उनको कभी वह धन मिला ही नहीं। फिलहाल ग्रामीणों को मुख्यमंत्री कार्यालय से कार्रवाई का इंतजार है।

📢 खबरों को सबसे पहले पाने के लिए पर्वतजन को फॉलो करें

👉 WhatsApp Channel Join करें 👉 WhatsApp Group Join करें 📲 App Download करें

Related Posts