हादसा : बारातियों से भरा वाहन गिरा खाई में, तीन की मौत कई घायल।

रिपोर्ट: विशाल सक्सेना 

नैनीताल/ओखलकांडा। जनपद नैनीताल के ओखलकांडा क्षेत्र में कौन्ता–पटरानी मोटर मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें बारातियों से भरी बोलेरो वाहन गहरी खाई में गिर गई। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।

हादसे का विवरण

स्थानीय लोगों के अनुसार, बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर खाई में गिर गया, जिसमें करीब 7 लोग सवार थे। दुर्घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने बिना देर किए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया। सभी घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से सुशीला तिवारी अस्पताल, हल्द्वानी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने एक महिला और दो पुरुषों को मृत घोषित कर दिया। शेष घायलों की स्थिति भी चिंताजनक बताई जा रही है।

मौके पर पहुंचा प्रशासन

हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। हादसे के सटीक कारणों की जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया वाहन के अनियंत्रित होने को ही हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।

ग्रामीणों का प्रशासन पर नाराज़गी

स्थानीय निवासियों ने जिला प्रशासन के प्रति नाराज़गी व्यक्त की है। उनका कहना है कि ओखलकांडा क्षेत्र में पहले भी कई बार सड़क हादसे हो चुके हैं, लेकिन सड़क सुरक्षा को लेकर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। ग्रामीणों का आरोप है कि बदहाल सड़कें, सुरक्षा दीवारों की कमी और नियमित निरीक्षण के अभाव के कारण इस तरह के हादसे बार-बार हो रहे हैं।

मांग उठी सुरक्षा उपायों की

ग्रामीणों ने मांग की है कि दुर्गम पहाड़ी क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा को लेकर ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं से बचा जा सके।

📢 खबरों को सबसे पहले पाने के लिए पर्वतजन को फॉलो करें

👉 WhatsApp Channel Join करें 👉 WhatsApp Group Join करें 📲 App Download करें

Related Posts