हनी ट्रैप गैंग का भंडाफोड़: महिला समेत तीन गिरफ्तार। अन्य की तलाश जारी..

कुमाऊं ब्यूरो | विशाल सक्सेना

उधम सिंह नगर, खटीमा। खटीमा कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हनी ट्रैप के जरिए ब्लैकमेलिंग कर रुपये वसूलने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस गैंग में शामिल एक महिला सहित तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जबकि गिरोह के तीन अन्य सदस्यों की तलाश जारी है। गिरोह के कब्जे से स्कूटी, बाइक, मोबाइल फोन और नकद रुपये बरामद किए गए हैं।

हनी ट्रैप में फंसा कर बनाया आपत्तिजनक वीडियो, फिर वसूली

पीड़ित व्यक्ति ने 23 मई 2025 को खटीमा कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी कि एक महिला उसे बहला-फुसलाकर अज्ञात स्थान पर ले गई, जहां उसका आपत्तिजनक वीडियो बनाया गया और इसके जरिए ब्लैकमेल कर 1.5 लाख रुपये सहित अन्य सामान वसूला गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 308(5) BNS के तहत मुकदमा दर्ज किया।

50 सीसीटीवी खंगाले, मोबाइल नंबरों की जांच से पकड़े गए आरोपी

एसएसपी के निर्देश पर कोतवाल मनोहर सिंह दसौनी के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। पुलिस ने तकनीकी जांच के साथ इलाके में लगे लगभग 50 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और पीड़ित द्वारा दिए गए मोबाइल नंबरों की भी जांच की। इसके बाद 1 जून 2025 को नानकमत्ता क्षेत्र के गला बाग मच्छी झाला इलाके से तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान

  • राजेंद्र सिंह उर्फ राजू लंगड़ा, निवासी भड़ा भुडिया, थाना खटीमा
  • गुरदयाल सिंह उर्फ बग्गी, निवासी बिडोरा मझोला, थाना नानकमत्ता
  • एक महिला आरोपी, निवासी भड़ा भुडिया, थाना खटीमा

इनके कब्जे से पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक स्कूटी, एक मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन और ₹1300 नकद बरामद किए हैं।

अन्य साथियों की तलाश, कई मामलों में पहले भी दर्ज हैं मुकदमे

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने गैंग के अन्य तीन सदस्यों के नाम भी उजागर किए हैं, जिनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। कोतवाल मनोहर सिंह दसौनी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी आर्म्स एक्ट, आबकारी अधिनियम, और अनैतिक देह व्यापार जैसे मामलों में मुकदमे दर्ज हैं।

कई आपत्तिजनक वीडियो बरामद, जांच जारी

पुलिस ने बताया कि आरोपियों के मोबाइल फोन से कई अन्य लोगों के आपत्तिजनक वीडियो भी बरामद हुए हैं, जिनकी जांच और सत्यापन किया जा रहा है। यह अंदेशा जताया जा रहा है कि गैंग ने इसी तरह कई और लोगों को अपना शिकार बनाया है।

पुलिस अपील कर रही है कि यदि किसी को भी इस गैंग के संबंध में जानकारी हो या कोई इस तरह की घटना का शिकार हुआ हो, तो वह निडर होकर पुलिस से संपर्क करें। पुलिस पूरी गंभीरता और गोपनीयता के साथ कार्रवाई कर रही है।

📢 खबरों को सबसे पहले पाने के लिए पर्वतजन को फॉलो करें

👉 WhatsApp Channel Join करें 👉 WhatsApp Group Join करें 📲 App Download करें

Related Posts