कुमाऊं ब्यूरो रिपोर्ट – विशाल सक्सेना
रुद्रपुर (उधम सिंह नगर) के प्रवेश द्वार इंदिरा चौक पर बनी एक अवैध मजार को आज तड़के जिला प्रशासन और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच हटा दिया। लंबे समय से उक्त मजार के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी चल रही थी, क्योंकि यह राष्ट्रीय राजमार्ग के चौड़ीकरण कार्य में बाधा बन रही थी।
प्रशासन ने इस कार्रवाई से पहले मजार संचालकों को नोटिस जारी किया था। जानकारी के अनुसार, एक ही नाम की कई अवैध मजारों की पहचान की गई थी, जिनमें से एक यह मजार भी थी। राष्ट्रीय राजमार्ग-74 पर इंदिरा चौक वह स्थान है, जहां खटीमा, पानीपत, दिल्ली और अल्मोड़ा को जोड़ने वाले मार्ग मिलते हैं। यहां दिनभर भारी यातायात रहता है, जिससे यह इलाका हमेशा जाम की समस्या से जूझता है।
आज सुबह तड़के प्रशासन ने भारी पुलिस बल की तैनाती के बीच जेसीबी मशीनों की मदद से कार्रवाई की। विद्युत आपूर्ति अस्थायी रूप से बंद की गई और मशीनों की रोशनी में करीब आधे घंटे में पूरी संरचना को हटाकर मार्ग को साफ किया गया। इसके तुरंत बाद राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने सड़क चौड़ीकरण का कार्य शुरू कर दिया।
प्रोजेक्ट के तहत इंदिरा चौक को 6 लेन का बनाया जाएगा, जिससे जाम की समस्या से काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है। एडीएम पंकज उपाध्याय ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग ने इस मार्ग को चौड़ा करने में आ रही बाधाओं की रिपोर्ट प्रशासन को दी थी, जिस पर आज कार्रवाई की गई है।
उल्लेखनीय है कि उत्तराखंड की पुष्कर सिंह धामी सरकार अब तक प्रदेशभर में 534 अवैध धार्मिक और अन्य अतिक्रमणों को हटवा चुकी है।




