मामले की सुनवाई कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश मनोज कुमार तिवारी और न्यायमूर्ति सिद्धार्थ साह की खंडपीठ में हुई। सुनवाई के दौरान कोर्ट ने केंद्र और राज्य सरकार से यह भी पूछा कि इस रैंक के कितने पद प्रतिनियुक्ति के लिए निर्धारित हैं और कितने पद राज्य सरकार के अधीन स्थायी रूप से हैं। जवाब में बताया गया कि ऐसे 16 पद हैं, जिन पर अधिकारियों को प्रतिनियुक्ति के आधार पर केंद्र में भेजा जा सकता है। शेष पद राज्य सरकार के अधीन हैं।
गृह मंत्रालय ने मार्च 2026 में जारी किए थे आदेश
मामले के अनुसार, 2005 बैच की आईपीएस अधिकारी नीरू गर्ग को केंद्रीय गृह मंत्रालय के अधीन भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) में उप महानिरीक्षक (DIG) और 2006 बैच के आईपीएस अधिकारी अरुण मोहन जोशी को सीमा सुरक्षा बल (BSF) में DIG के पद पर प्रतिनियुक्ति दी गई थी।
केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से इस संबंध में 5 मार्च 2026 को आदेश जारी किए गए थे। इसके अगले दिन यानी 6 मार्च 2026 को उत्तराखंड सरकार ने दोनों अधिकारियों को कार्यमुक्त करने के आदेश जारी कर दिए थे। अधिकारियों ने राज्य सरकार के इस फैसले को चुनौती देते हुए हाईकोर्ट का रुख किया था।
अब केंद्र सरकार की ओर से भी CAT के आदेश को चुनौती देने की तैयारी की जानकारी दिए जाने के बाद हाईकोर्ट ने सभी संबंधित याचिकाओं पर संयुक्त रूप से सुनवाई करने का फैसला किया है। मामले की अगली सुनवाई 10 दिन बाद होगी।





