देहरादून: उत्तराखंड में मानसून लगातार रौद्र रूप दिखा रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 10 जुलाई (शुक्रवार) के लिए प्रदेश के कई जिलों में रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने भारी से अत्यधिक भारी बारिश, गरज-चमक, आकाशीय बिजली गिरने और तेज हवाओं की चेतावनी दी है। खराब मौसम को देखते हुए कई जिलों में स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित कर दिया गया है।
इन जिलों में जारी हुआ रेड और ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार ऊधम सिंह नगर, नैनीताल और चम्पावत जिलों में बहुत भारी से अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं देहरादून, पौड़ी गढ़वाल और बागेश्वर में भी भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया गया है। इसके अलावा राज्य के अधिकांश पर्वतीय और मैदानी इलाकों में गरज-चमक के साथ मूसलाधार बारिश होने की आशंका है।
देहरादून, हरिद्वार और नैनीताल समेत कई जिलों में स्कूल बंद
मौसम विभाग की चेतावनी के बाद जिला प्रशासन ने एहतियातन देहरादून, हरिद्वार और नैनीताल सहित कई जिलों में 10 जुलाई को सभी सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी विद्यालयों के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित कर दिया है। छात्रों और कर्मचारियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है। अन्य जिलों में भी स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार प्रशासन द्वारा आवश्यक निर्णय लिए जा सकते हैं।
Read This :
- बिग ब्रेकिंग : कल इन जिलों में भी स्कूलों की छुट्टी के आदेश जारी,देंखे
- बिग ब्रेकिंग: कल इस जिले में सभी स्कूल बंद। देखें आदेश
भूस्खलन और जलभराव का बढ़ा खतरा
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि लगातार बारिश के कारण नदियों, नालों और गधेरों का जलस्तर तेजी से बढ़ सकता है। पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन, चट्टानें गिरने और सड़कें बंद होने की घटनाएं बढ़ सकती हैं। चारधाम यात्रा मार्गों सहित संवेदनशील इलाकों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें। यदि अत्यंत आवश्यक हो तभी घर से बाहर निकलें और यात्रा से पहले मौसम तथा सड़क मार्ग की स्थिति की जानकारी अवश्य लें। नदी-नालों, गधेरों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह भी दी गई है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे उत्तराखंड के लिए काफी महत्वपूर्ण हैं। लगातार सक्रिय मानसून के चलते कई जिलों में भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है। ऐसे में लोगों को प्रशासन और मौसम विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा आधिकारिक अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है।





