नैनीताल, 26 सितंबर।रिपोर्ट -कमल जगाती
उत्तराखंड के नैनीताल जिले में सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पटवारी निर्मल बोरा को 30 हजार रुपये की कथित रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
आरोप है कि पटवारी ने धारी तहसील क्षेत्र के मौड़ा गांव में जमीन की पैमाइश के एवज में शिकायतकर्ता से रिश्वत की मांग की थी।
जमीन की पैमाइश के लिए मांगी थी रिश्वत
मामला धारी तहसील के मौड़ा गांव का है। शिकायतकर्ता अपनी जमीन की नाप-जोख यानी पैमाइश कराने के लिए क्षेत्रीय पटवारी निर्मल बोरा के पास पहुंचा था। आरोप है कि काम कराने के बदले पटवारी द्वारा लगातार रुपये की मांग की जा रही थी।
शिकायतकर्ता रिश्वत देने के पक्ष में नहीं था। इसके बाद उसने मामले की शिकायत सतर्कता अधिष्ठान की टोल-फ्री हेल्पलाइन 1064 पर की।
शिकायत की जांच के बाद विजिलेंस ने बिछाया जाल
शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस की प्रारंभिक जांच में आरोप सही पाए जाने की बात सामने आई। इसके बाद थाना सतर्कता अधिष्ठान सेक्टर नैनीताल-हल्द्वानी में आरोपी पटवारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस अधीक्षक, सतर्कता अधिष्ठान के निर्देश पर निरीक्षक के नेतृत्व में एक विशेष ट्रैप टीम का गठन किया गया।
30 हजार रुपये लेते रंगे हाथ पकड़ा
शनिवार को विजिलेंस की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से तहसील धारी में ट्रैप कार्रवाई की। विजिलेंस के अनुसार, जैसे ही पटवारी निर्मल बोरा ने शिकायतकर्ता से 30 हजार रुपये की कथित रिश्वत ली, टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया।
आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी और आरोपों से संबंधित अंतिम तथ्य न्यायिक प्रक्रिया में तय होंगे।
ट्रैप टीम को नकद पुरस्कार की घोषणा
सफल ट्रैप कार्रवाई पर सतर्कता निदेशक डॉ. वी. मुरूगेशन ने टीम की सराहना की है। उन्होंने कार्रवाई में शामिल ट्रैप टीम को नकद पुरस्कार देने की घोषणा की।
सतर्कता निदेशक ने आम लोगों से भी भ्रष्टाचार के खिलाफ सामने आने और रिश्वत मांगने की शिकायत विजिलेंस तक पहुंचाने की अपील की है।
रिश्वत मांगे जाने पर यहां करें शिकायत
निदेशक सतर्कता डॉ. वी. मुरूगेशन ने लोगों से भ्रष्टाचार के खिलाफ आगे आने और सतर्कता अधिष्ठान की 1064 टोल फ्री हेल्पलाइन अथवा 9456592300 व्हाट्सऐप हेल्पलाइन पर शिकायत करने की अपील की है।


