समापन समारोह विश्वविद्यालय के खेल मैदान में आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत छात्राओं की भक्तिमय गणेश वंदना से हुई। इसके बाद म्यूजिक विभाग के विद्यार्थियों ने उत्साह से भरपूर गीतों की प्रस्तुतियां देकर समारोह को यादगार बनाया।
स्कूल ऑफ मैनेजमेंट एंड कॉमर्स स्टडीज ने जीती ओवरऑल ट्रॉफी
खेलोत्सव में विभिन्न खेल स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। सर्वाधिक पदक अर्जित करने पर स्कूल ऑफ मैनेजमेंट एंड कॉमर्स स्टडीज को ओवरऑल चैंपियन घोषित किया गया। टीम ने अपनी खेल क्षमता, निरंतरता और सामूहिक प्रयासों के दम पर यह उपलब्धि हासिल की।
विश्वविद्यालय के प्रेसीडेंट श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने खेलोत्सव के सफल आयोजन पर विजेता खिलाड़ियों, प्रतिभागियों, आयोजकों और विश्वविद्यालय परिवार को बधाई दी।
100 मीटर दौड़ में अंशुल बिष्ट और पूजा ने मारी बाजी
खेलोत्सव की प्रमुख एथलेटिक्स स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन किया। 100 मीटर फर्राटा दौड़ के बालक वर्ग में स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी के अंशुल बिष्ट ने प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं बालिका वर्ग में स्कूल ऑफ मैनेजमेंट एंड कॉमर्स स्टडीज की पूजा विजेता रहीं।
800 मीटर दौड़ के बालक वर्ग में स्कूल ऑफ मैनेजमेंट एंड कॉमर्स स्टडीज ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि बालिका वर्ग में स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी ने बाजी मारी।
रिले दौड़ में स्कूल ऑफ ह्यूमैनिटीज और नर्सिंग का शानदार प्रदर्शन
200 मीटर रिले दौड़ के बालक वर्ग में स्कूल ऑफ ह्यूमैनिटीज एंड सोशल साइंसेज की टीम ने शानदार तालमेल के साथ जीत दर्ज की। वहीं बालिका वर्ग में स्कूल ऑफ नर्सिंग की टीम विजेता रही।
क्रिकेट फाइनल में ह्यूमैनिटीज एंड सोशल साइंसेज की जीत
खेलोत्सव के क्रिकेट फाइनल में स्कूल ऑफ ह्यूमैनिटीज एंड सोशल साइंसेज और स्कूल ऑफ योगिक साइंस एंड नैचुरोपैथी की टीमें आमने-सामने थीं। मुकाबले में स्कूल ऑफ ह्यूमैनिटीज एंड सोशल साइंसेज ने 25 रन से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया।
वहीं फैकल्टी क्रिकेट का फाइनल श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय के पथरी बाग कैंपस और पटेल नगर कैंपस के बीच खेला गया। डॉ. अरुण कुमार के हरफनमौला प्रदर्शन की बदौलत पटेल नगर कैंपस ने फाइनल ट्रॉफी जीत ली।
खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का माध्यम : कुलपति
समापन समारोह के मुख्य अतिथि कुलपति विपिन चन्द्र घिल्डियाल ने कहा कि खेलोत्सव विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ प्रतिस्पर्धा, सहयोग और सामूहिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का अवसर देता है।
उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ खेलों में सक्रिय भागीदारी विद्यार्थियों के व्यक्तित्व को संतुलित और बहुआयामी बनाती है। विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को शैक्षणिक और खेल दोनों क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए सकारात्मक वातावरण उपलब्ध कराने को प्रतिबद्ध है।
विश्वविद्यालय की रजिस्ट्रार डॉ. सोनिका कंडारी ने कहा कि खेलोत्सव में विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी विश्वविद्यालय की जीवंत और अनुशासित शैक्षणिक संस्कृति को दर्शाती है। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में योगदान देने वाले विभागों, फैकल्टी सदस्यों और विद्यार्थियों की सराहना की।
‘जो जीतता है, वह प्रेरणा बनता है और जो हारता है, वह सीखता है’
खेलोत्सव-2026 के सचिव एवं विश्वविद्यालय के खेल अधिकारी सत्य प्रकाश जोशी ने खेल रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए प्रतियोगिताओं का विस्तृत विवरण दिया। उन्होंने कहा कि खेलोत्सव केवल पदक और ट्रॉफी जीतने का मंच नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, आत्मविश्वास और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की भावना को मजबूत करने का अवसर है। उन्होंने कहा, “जो जीतता है, वह प्रेरणा बनता है और जो हारता है, वह सीखता है।”
समापन अवसर पर खेलोत्सव-2026 की चेयरपर्सन डॉ. पुनीत ओहरी ने अतिथियों, प्रतिभागियों, फैकल्टी सदस्यों और आयोजन समिति के सदस्यों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन आकृति रावत ने किया।
इस अवसर पर डॉ. गणराजन, डॉ. आशीष कुलश्रेष्ठ, डॉ. राजेन्द्र नेगी, डॉ. मंजुषा त्यागी सहित विश्वविद्यालय के विभिन्न स्कूलों के डीन, विभागाध्यक्ष, फैकल्टी सदस्य, छात्र-छात्राएं और खेलप्रेमी मौजूद रहे।






