हरिद्वार में महिला से सामूहिक दुष्कर्म, होटल मैनेजर सहित तीन आरोपी गिरफ्तार

धार्मिक नगरी हरिद्वार में एक महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म की गंभीर घटना सामने आई है। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने होटल प्रबंधक समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। न्यायालय में पेश करने के बाद तीनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

 

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार घटना शनिवार देर शाम की है। पीड़िता का पति हरिद्वार के सिडकुल क्षेत्र स्थित एक फैक्ट्री में कार्यरत है। बिजनौर, उत्तर प्रदेश निवासी महिला अपने पति से मिलने हरिद्वार आई थी। आरोप है कि बस अड्डे के निकट एक ऑटो चालक ने उसे बहला-फुसलाकर अपने वाहन में बैठा लिया। कुछ दूरी तय करने के बाद महिला को एक कार में स्थानांतरित कर दिया गया। कार चालक उसे शिवमूर्ति गली स्थित एक होटल में ले गया, जहां ऑटो चालक भी पहुंच गया।

 

महिला का आरोप है कि होटल के अंदर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। किसी तरह वहां से निकलकर पीड़िता सीधे शहर कोतवाली पहुंची और घटना की जानकारी दी।

 

कोतवाली प्रभारी रितेश शाह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और लोकेशन ट्रैकिंग के आधार पर आरोपियों को नहर पटरी क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार व्यक्तियों में एक आरोपी मूल रूप से नहटौर, बिजनौर का निवासी है, जिसका वर्तमान पता श्रीराम एन्क्लेव, सराय ज्वालापुर बताया गया। दूसरा आरोपी शास्त्रीनगर कड़च्छ, ज्वालापुर का रहने वाला है। तीसरा आरोपी होटल मैनेजर है, जो कुंदरकी, मुरादाबाद का मूल निवासी है और वर्तमान में हरिद्वार में रह रहा था। आरोपियों में एक कार चलाता है, जबकि दूसरा ऑटो चालक है।

 

मामला प्रकाश में आने के बाद पुलिस प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया। पीड़िता के स्वयं कोतवाली पहुंचकर शिकायत दर्ज कराने के बाद जांच तेज कर दी गई। नगर कोतवाली क्षेत्र के सात होटल संचालकों को लगभग 23 घंटे तक हिरासत में रखकर पूछताछ की गई। जिस गेस्ट हाउस में घटना हुई, उसके आसपास के होटलों के रजिस्टर, पहचान पत्रों का विवरण, सीसीटीवी फुटेज और कर्मचारियों से भी गहन पूछताछ की गई।

 

पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही। इस प्रकरण में होटल प्रबंधक की भूमिका स्पष्ट होने पर उसके खिलाफ भी कठोर कार्रवाई की गई।

 

पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और सभी कानूनी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है।

📢 खबरों को सबसे पहले पाने के लिए पर्वतजन को फॉलो करें

👉 WhatsApp Channel Join करें 👉 WhatsApp Group Join करें 📲 App Download करें

Related Posts