देहरादून। देहरादून में घरेलू गैस सिलिंडरों की होम डिलीवरी को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। प्रशासन के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद नयागांव पेलियो स्थित हीरा गैस एजेंसी (इंडेन ऑयल) द्वारा उपभोक्ताओं को घर तक सिलिंडर पहुंचाने के बजाय लाइन में लगाकर वितरण करने के मामले में एजेंसी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
जिला पूर्ति विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर एजेंसी के गैस सिलिंडर और अन्य संसाधनों को कब्जे में ले लिया। इस कार्रवाई की रिपोर्ट प्रशासन और संबंधित ऑयल कंपनी को भेज दी गई है। प्रशासन ने यह भी तय किया है कि हीरा गैस एजेंसी से जुड़े उपभोक्ताओं को फिलहाल नजदीकी गैस एजेंसियों के माध्यम से सिलिंडर की आपूर्ति की जाएगी।
रविवार को जिला प्रशासन की निगरानी में नियुक्त नोडल अधिकारियों ने जिले में संचालित इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम की कुल 78 गैस एजेंसियों का निरीक्षण किया। जांच में पाया गया कि 77 एजेंसियां उपभोक्ताओं को घर-घर गैस सिलिंडर की डिलीवरी कर रही थीं, जबकि हीरा गैस एजेंसी उपभोक्ताओं को एजेंसी के बाहर लाइन में लगाकर सिलिंडर दे रही थी। इस पर जिला पूर्ति विभाग ने कड़ी कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज कराया।
उपभोक्ताओं को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए प्रशासन ने गैस एजेंसियों के बाहर नोटिस चस्पा कर दिए हैं। इनमें गैस बुकिंग से जुड़े नंबर और शिकायत दर्ज कराने के संपर्क नंबर भी दर्ज किए गए हैं। साथ ही एजेंसी संचालकों को चेतावनी दी गई है कि निर्देशों का पालन नहीं करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इधर, जीएमएस रोड स्थित अमरदीप गैस एजेंसी के बाहर सिलिंडर लेने पहुंचे उपभोक्ताओं को पुलिस ने हटाया। इस दौरान कुछ उपभोक्ताओं ने नाराजगी भी जताई और एजेंसी संचालक के साथ कहासुनी की स्थिति बन गई। हालांकि गोदाम से किसी को भी सिलिंडर नहीं दिया गया।
प्रशासन के अनुसार, गैस बुकिंग सिस्टम में रविवार को किसी प्रकार की तकनीकी समस्या नहीं आई। अधिकांश उपभोक्ताओं ने ऑनलाइन बुकिंग की, जबकि जो लोग एजेंसियों के कार्यालय पहुंचे उनकी बुकिंग वहीं कराई गई।
जिला पूर्ति अधिकारी केके अग्रवाल ने बताया कि प्रशासन के निर्देशों के बावजूद होम डिलीवरी न करने पर हीरा गैस एजेंसी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। एजेंसी के संसाधन कब्जे में लेकर रिपोर्ट संबंधित अधिकारियों और ऑयल कंपनी को भेज दी गई है। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को घबराने की जरूरत नहीं है, जिले की एजेंसियों के गोदामों में पर्याप्त मात्रा में गैस उपलब्ध है।
गैस आपूर्ति की स्थिति की समीक्षा में सामने आया कि जिले में करीब 75 हजार घरेलू सिलिंडरों का बैकलॉग है। रविवार को घरेलू उपभोक्ताओं को 18,120 सिलिंडर और व्यावसायिक उपभोक्ताओं को 21 सिलिंडर वितरित किए गए।
इसके अलावा गैस आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं को लेकर आपदा कंट्रोल रूम के नंबर 1077, 0135-2626066, 2726066 और व्हाट्सएप नंबर 7534826066 पर शाम पांच बजे तक 111 शिकायतें दर्ज हुईं। इन शिकायतों के समाधान के लिए संबंधित नोडल अधिकारियों को भेजा गया है। प्रशासन ने सभी नोडल अधिकारियों को गैस एजेंसियों के स्टॉक की नियमित जांच करने के भी निर्देश दिए हैं।




