घालमेल : तीलू रौतेली पुरस्कार में कैबिना मंत्री की बेटी और भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष का नाम भी चयन सूची में

रिपोर्ट- जगदम्बा कोठारी

देहरादून। 

वर्ष 2006 से लगातार महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं एवं किशोरियों को प्रतिवर्ष दिए जाने वाले वीरबाला तीलू रौंतेली पुरस्कार के वर्ष 2020-21 के लिए 22 महिलाओं एवं किशोरियों का नाम चयनित किया गया।

शुक्रवार को इन नामों की घोषणा हुई लेकिन इन 22 चयनित नामों में से दो सत्तारूढ़ दल भाजपा से जुड़े कैबिनेट मंत्री बिशन सिंह चुफाल की पुत्री दीपिका चुफाल और भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष अनुराधा वालिया का चयन होने से चयन समिति सवालों के घेरे में खड़ी हो गई है।

दरअसल तीलू रौतेली पुरस्कार प्रतिवर्ष सामाजिक, शिक्षा, साहित्य, साहसिक कार्य, खेल एवं पर्यावरण के क्षेत्र में विशेष योगदान करने वाली महिलाओं एवं युवतियों को दिया जाता है। इस वर्ष कोविड काल जरूरतमंदों की सहायता करने वाली महिलाओं को भी इस पुरस्कार सूची में शामिल किया गया है। लेकिन इस बार सत्तारूढ़ पार्टी से संबंधित महिलाओं को भी इस सूची में शामिल करने से कांग्रेस ने आपत्ति जताई है।

कांग्रेस की प्रदेश महिला प्रभारी सुश्री लक्ष्मी राणा ने कैबिनेट मंत्री बिशन सिंह चुफाल की पुत्री और भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष अनुराधा वालिया के चयन पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने चयन समिति पर आरोप लगाया है कि, कैबिनेट मंत्री की बेटी और भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष को पुरस्कार के लिए नामित करने से चयन समिति के ऊपर कहीं ना कहीं राजनीतिक दबाव है। पुरस्कारों का चयन निस्वार्थ एवं निष्पक्ष भावना से होना चाहिए। किसी भी पुरस्कार चयन के लिए सत्तारूढ़ दल को हस्तक्षेप नहीं करना चाहिए। कांग्रेस पार्टी इन नामों के चयन पर घोर आपत्ति दर्ज करती है।

वही कैबिनेट मंत्री बिशन सिंह चुफाल का कहना है कि, उनकी बेटी को जैविक मसालों के उत्पादन और जंगली जानवरों से फसलों को बचाने व पलायन रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के चलते इस पुरस्कार के लिए चयनित किया गया है।

दूसरी ओर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष अनुराधा वालिया का कहना है कि कोविड काल में जरूरतमंदों की मदद करने के लिए उनका नाम इस पुरस्कार के लिए चयन किया गया है ।साथ ही उन्होंने बताया कि वह कई एनजीओ के माध्यम से भी जरूरतमंदों की सहायता कर रही हैं।

यहां बता दें कि वर्ष 2020-21 के लिए कुल 120 आवेदन आए थे , जिनमें जिला स्तर पर स्क्रूटनी के बाद 59 नाम राज्य स्तरीय चयन समिति को भेजे थे। जिनमें  22 नामों का चयन इस वर्ष के पुरस्कार वितरण के लिए चयनित हुआ।

शुक्रवार 6 अगस्त को इनाम की घोषणा हुई और 8 अगस्त को तीलू रौतेली की जयंती के दिन इन पुरस्कारों का वितरण किया जाएगा व साथ ही 22 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को भी इस वर्ष उत्कृष्ट कार्य करने के लिए पुरस्कृत करने का फैसला लिया गया।

📢 खबरों को सबसे पहले पाने के लिए पर्वतजन को फॉलो करें

👉 WhatsApp Channel Join करें 👉 WhatsApp Group Join करें 📲 App Download करें

Related Posts