24 मई 2025, पुरोला। नीरज उत्तराखंडी
गर्मियों की दस्तक के साथ ही पुरोला नगर पालिका क्षेत्र भीषण पेयजल संकट से जूझ रहा है। नगर के वार्ड नंबर एक, दो और तीन में पिछले तीन दिनों से पेयजल आपूर्ति पूरी तरह से ठप है। हालात ऐसे हैं कि लोगों को प्राकृतिक स्रोतों और हैंडपंपों पर देर रात तक बर्तनों की कतार में खड़े होकर अपनी बारी का इंतज़ार करना पड़ रहा है।
स्थानीय निवासियों के अनुसार, कुफारा-पुरोला पेयजल लाइन वर्षों पुरानी और जर्जर हो चुकी है। आये दिन इसके क्षतिग्रस्त होने से जल आपूर्ति बार-बार बाधित हो रही है। सड़क चौड़ीकरण और मरम्मत कार्यों में लगी जेसीबी मशीनें लगातार पाइप लाइन को नुकसान पहुँचा रही हैं, जिससे स्थिति और भी गंभीर होती जा रही है।
नगर पालिका क्षेत्र के शिरगुल देवता, कोर्ट रोड, विद्या मंदिर और अन्य वाडों में भी पानी नहीं पहुँच रहा है। वार्ड नंबर दो निवासी राजेन्द्र शर्मा ने बताया कि “कुफारा स्रोतों में पानी की कोई कमी नहीं है, लेकिन पाइप लाइन के क्षतिग्रस्त होने से आपूर्ति बाधित है। यदि अभी यह हाल है, तो आने वाले जून माह में हालात और भी भयावह हो सकते हैं।”
स्थानीय लोगों ने जल संस्थान पर आरोप लगाया है कि वह हर साल मरम्मत के नाम पर लाखों रुपये खर्च करता है, लेकिन नई पाइप लाइन बिछाने पर विचार नहीं करता। उनका कहना है कि अब तक जितनी बार मरम्मत हो चुकी है, उतने पैसों में नई पाइप लाइन डाली जा सकती थी।
इस संबंध में जल संस्थान के अधिशासी अभियंता देवराज तोमर ने जानकारी दी कि “कुफारा, ढ़काड़ा और मेहराना क्षेत्र में पिछले एक माह से सड़क चौड़ीकरण कार्य चल रहा है, जिससे पाइप लाइन बार-बार क्षतिग्रस्त हो रही है। समस्या को देखते हुए तीन दिन से लाइन शिफ्टिंग का कार्य चल रहा है और जल्द ही पेयजल आपूर्ति को बहाल कर दिया जाएगा।”
फिलहाल, नगरवासी इस संकट से राहत की आस में हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से स्थायी समाधान अब भी प्रतीक्षित है।




