देहरादून, जुलाई 2025: उत्तराखंड में सरकारी स्कूलों को आकर्षक बनाने और उनमें छात्रों की घटती संख्या को बढ़ाने के उद्देश्य से हर ब्लॉक में अंग्रेजी माध्यम के सरकारी स्कूल शुरू किए जाएंगे। यह घोषणा प्रदेश के शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने एससीईआरटी परिसर में आयोजित शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान की।
शिक्षा मंत्री ने कार्यक्रम में 486 लाख रुपये की लागत से बनने वाले आवासीय भवनों और शिक्षा निदेशालय के मुख्य गेट का शिलान्यास किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए ठोस कदम उठा रही है।
घटती छात्र संख्या पर मांगी रिपोर्ट
डॉ. रावत ने बताया कि उन्होंने विभाग से सरकारी स्कूलों में घटती छात्र संख्या को लेकर रिपोर्ट मांगी थी। रिपोर्ट में कई अभिभावकों ने बच्चों को अंग्रेजी माध्यम में पढ़ाने की इच्छा जताई। वहीं, कुछ ने विषयवार शिक्षकों की अनुपलब्धता को समस्या बताया। इन समस्याओं को ध्यान में रखते हुए ही हर ब्लॉक में इंग्लिश मीडियम स्कूल शुरू करने का निर्णय लिया गया है।
दो हजार शिक्षकों की होगी भर्ती, अधिकारी भी होंगे ऑनलाइन ट्रैक
शिक्षा मंत्री ने यह भी जानकारी दी कि जल्द ही प्रदेश में दो हजार शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाएगी। साथ ही अब शिक्षकों की तरह शिक्षा विभाग के अधिकारियों की उपस्थिति भी ऑनलाइन दर्ज की जाएगी, जिससे कामकाज में पारदर्शिता और उत्तरदायित्व तय किया जा सके।
कार्यक्रम में कई अधिकारी रहे मौजूद
शिलान्यास कार्यक्रम में विधायक उमेश शर्मा काऊ, निदेशक एससीईआरटी वंदना गब्र्याल, निदेशक माध्यमिक शिक्षा डॉ. मुकुल सती, निदेशक प्रारंभिक शिक्षा अजय नौडियाल, निदेशक संस्कृत शिक्षा आनंद भारद्वाज और पद्मेन्द्र सकलानी सहित कई अधिकारी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।




