मौसम विभाग के भारी बारिश के अलर्ट के चलते जिला प्रशासन ने बदरीनाथ धाम और हेमकुंड साहिब यात्रा को फिलहाल रोक दिया है।
जिलाधिकारी चमोली संदीप तिवारी ने जानकारी दी कि 12, 13 और 14 अगस्त को जिले में भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
वहीं, केदारनाथ धाम की यात्रा भी अगले तीन दिनों के लिए स्थगित कर दी गई है। जिलाधिकारी प्रतीक जैन ने बताया कि सभी विभागों को सतर्क और अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए गए हैं। नदी किनारे रह रहे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की गई है।
सुरक्षा के लिए कड़े इंतज़ाम
जिला प्रशासन ने वार्निंग सिस्टम का परीक्षण किया है और सभी राष्ट्रीय राजमार्गों के डेंजर जोन पर 24 घंटे जेसीबी और पोकलेन मशीनें तैनात की गई हैं, ताकि सड़क बंद होने पर तुरंत खोलने की कार्रवाई की जा सके।
साथ ही, पुलिस, लोक निर्माण विभाग और आपदा प्रबंधन टीमों को लगातार अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं। नदियों के जलस्तर की रियल-टाइम निगरानी की जा रही है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके।




