स्वतंत्रता दिवस : 5 साल बाद श्रीनगर के गोला बाजार में फिर गूंजे “भारत माता की जय” के नारे, निकली भव्य परेड और झांकियां

रिपोर्ट:जयप्रकाश नौगाई 

श्रीनगर (उत्तराखंड)। पांच साल बाद स्वतंत्रता दिवस के मौके पर श्रीनगर का गोला बाजार देशभक्ति के रंग में सराबोर हो उठा। नगर निगम श्रीनगर के विशेष आयोजन में भव्य परेड, देशभक्ति से जुड़ी झांकियां और वीर सैनिकों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। पूरा क्षेत्र “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम” के नारों से गूंज उठा।

सुबह कार्यक्रम की शुरुआत नगर निगम की मेयर आरती भंडारी ने गोला बाजार में ध्वजारोहण कर की। जैसे ही तिरंगा फहराया गया, माहौल देशभक्ति से भर गया। इसके बाद स्थानीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने शानदार स्कूली परेड निकाली, जिसमें मेयर ने सलामी ली।

परेड के बाद निकली झांकियों ने लोगों का दिल जीत लिया। इन झांकियों में स्वतंत्रता संग्राम, भारतीय संस्कृति, सेना के बलिदान और स्वच्छता का संदेश प्रमुख रूप से प्रदर्शित किया गया। दर्शकों की तालियों की गूंज ने पूरे आयोजन को और जोशीला बना दिया।

स्वतंत्रता सेनानियों और पूर्व सैनिकों को सम्मान

कार्यक्रम में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और पूर्व सैनिकों को विशेष सम्मान दिया गया। 1965 और 1971 की जंग में वीरता दिखाने वाले प्रेम सिंह पटवाल और मुंशी राम उनियाल को मेयर ने स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों को भी श्रद्धांजलि और सम्मान प्रदान किया गया, जिनमें शामिल रहे:

  • गुमान सिंह, पुत्र रणजीत सिंह, ग्राम – देवल
  • गजेन्द्र सिंह, पुत्र पदम सिंह, ग्राम – कोटी
  • आनंद सिंह, पुत्र गजे तिहे, ग्राम – नयालगढ़
  • सुखीला देवी, पत्नी गोविन्द सिंह

मेयर आरती भंडारी का संदेश

मेयर ने कहा –
“स्वतंत्रता दिवस सिर्फ एक पर्व नहीं, बल्कि यह हमारे उन वीरों को नमन करने का दिन है जिन्होंने अपने प्राणों की आहुति देकर हमें आज़ादी दिलाई। गोला बाजार में वर्षों बाद जो देशभक्ति का माहौल देखने को मिला, वह अविस्मरणीय है। बच्चों की झांकियों और परेड में जोश और समर्पण देखकर विश्वास होता है कि हमारा भविष्य जागरूक और देशभक्त है।”

नगर निगम ने यह भी घोषणा की कि भविष्य में ऐसे कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाएंगे ताकि युवा पीढ़ी देश के गौरवशाली इतिहास से जुड़ी रहे और राष्ट्र के विकास में योगदान देती रहे।

📢 खबरों को सबसे पहले पाने के लिए पर्वतजन को फॉलो करें

👉 WhatsApp Channel Join करें 👉 WhatsApp Group Join करें 📲 App Download करें

Related Posts