देहरादून, 15 अगस्त 2025 – देव भूमि उत्तराखंड विश्वविद्यालय (Dehradun) में आज 79वाँ स्वतंत्रता दिवस उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस मौके पर विश्वविद्यालय परिसर देशभक्ति की भावना से सराबोर रहा और छात्रों ने भव्य तिरंगा रैली निकालकर देशभक्ति के नारों से माहौल को गूंजायमान कर दिया।
तिरंगा ध्वजारोहण और राष्ट्रगान से हुई शुरुआत
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि मेजर जनरल लालजी डी. सिंह, विश्वविद्यालय के अध्यक्ष श्री संजय बंसल, उपाध्यक्ष श्री अमन बंसल, कुलपति प्रो. (डॉ.) अजय कुमार, प्रो-वाईस चांसलर और वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा ध्वजारोहण से हुआ। राष्ट्रगान की गूंज के साथ पूरे परिसर में स्वतंत्रता दिवस की गरिमा और देशभक्ति की भावना अपने चरम पर थी।
छात्रों ने प्रस्तुत किए सांस्कृतिक कार्यक्रम
ध्वजारोहण के बाद छात्रों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं। देशभक्ति गीतों और नृत्यों ने उपस्थित सभी दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम स्थल पर “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के नारों से देशभक्ति का माहौल और प्रबल हो उठा।
मुख्य अतिथि का संबोधन
मुख्य अतिथि मेजर जनरल लालजी डी. सिंह ने अपने प्रेरणादायक संबोधन में कहा—
“आजादी हमें विरासत में नहीं मिली, बल्कि यह हमारे स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदानों का परिणाम है। इस स्वतंत्रता को बनाए रखना हर नागरिक की जिम्मेदारी है। हमें राष्ट्रहित को सदैव सर्वोपरि रखना होगा।”
विश्वविद्यालय प्रशासन के विचार
विश्वविद्यालय के अध्यक्ष श्री संजय बंसल ने कहा—
“देशभक्ति केवल शब्दों में नहीं बल्कि हमारे कर्मों में झलकनी चाहिए। प्रत्येक नागरिक को अपने कार्यों के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए।”
उपाध्यक्ष श्री अमन बंसल और कुलपति प्रो. (डॉ.) अजय कुमार ने संयुक्त रूप से छात्रों को संबोधित करते हुए कहा—
“युवाओं के कंधों पर ही भारत के भविष्य की जिम्मेदारी है। अपने ज्ञान, अनुशासन और कार्यों के माध्यम से उन्हें न केवल स्वयं का बल्कि समाज और देश का भी विकास करना होगा।”
जयघोष के साथ हुआ कार्यक्रम का समापन
कार्यक्रम का समापन “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के नारों के साथ हुआ। पूरा विश्वविद्यालय परिसर देशभक्ति और गौरव की भावना से सराबोर हो गया।




