रिपोर्ट: कमल जगाती
नैनीताल। लंबे विवाद और राजनीतिक ड्रामे के बाद आखिरकार नैनीताल जिला पंचायत अध्यक्ष और उपाध्यक्ष चुनाव का परिणाम घोषित हो गया है। मंगलवार को जिला कोषागार में हुई आधिकारिक घोषणा में भाजपा प्रत्याशी दीपा दरमवाल को जिला पंचायत अध्यक्ष और कांग्रेस प्रत्याशी देवकी बिष्ट को जिला पंचायत उपाध्यक्ष घोषित किया गया।
अध्यक्ष पद पर भाजपा की जीत
अध्यक्ष पद के लिए मुकाबला भाजपा की दीपा दरमवाल और कांग्रेस की पुष्पा नेगी के बीच था। कुल 27 सदस्यों में से केवल 22 सदस्यों ने मतदान किया। इसमें दीपा दरमवाल को 11 वोट मिले, जबकि पुष्पा नेगी को 10 वोट हासिल हुए। एक मत रद्द कर दिया गया। इस तरह दीपा दरमवाल ने एक मत के अंतर से जीत दर्ज की।
उपाध्यक्ष पद पर टॉस से हुआ फैसला
उपाध्यक्ष पद पर भाजपा के बहादुर सिंह नगदली और कांग्रेस की देवकी बिष्ट के बीच कड़ा मुकाबला हुआ। दोनों को 11-11 वोट मिलने पर चुनाव अधिकारी ने टॉस कराया। किस्मत कांग्रेस की देवकी बिष्ट के साथ रही और वे नैनीताल जिला पंचायत की नई उपाध्यक्ष चुनी गईं।
चुनाव प्रक्रिया में रहा विवाद
गौरतलब है कि मतदान के दौरान 5 सदस्य कथित अपहरण के चलते मतदान में शामिल नहीं हो पाए थे। कांग्रेस ने इस मुद्दे को अदालत में उठाया था, जिसके बाद पुलिस लापता सदस्यों की तलाश में जुटी रही। इसी कारण गुरुवार शाम 5 बजे चुनाव प्रक्रिया स्थगित कर दी गई थी। हालांकि मतगणना पूरी हो गई थी, लेकिन परिणामों की घोषणा रोक दी गई थी।
राजनीतिक उठापटक बनी चर्चा का विषय
इस चुनाव के दौरान भाजपा और कांग्रेस दोनों दलों में भारी खींचतान और आरोप-प्रत्यारोप का दौर चला। पांच सदस्यों के लापता होने और परिणाम टॉस से तय होने की वजह से यह चुनाव राज्य की राजनीति में चर्चा का बड़ा विषय बना हुआ है।




