गढ़वाल-कुमाऊं को जोड़ेगा सिंगटाली पुल: सीएम धामी ने दी 57 करोड़ की स्वीकृति

गढ़वाल और कुमाऊं को जोड़ने वाले बहुप्रतीक्षित सिंगटाली पुल के निर्माण का रास्ता अब पूरी तरह साफ हो गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस परियोजना के लिए 57 करोड़ 5 लाख रुपए की वित्तीय और प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान कर दी है। आदेश जारी होने के बाद पुल का निर्माण कार्य जल्द ही शुरू होगा।

150 मीटर लंबे पुल का होगा निर्माण

यह पुल पौड़ी जिले की यमकेश्वर विधानसभा क्षेत्र में कौडियाला–व्यासघाट मोटर मार्ग (किमी 01) पर गंगानदी के ऊपर बनाया जाएगा। पुल की कुल लंबाई 150 मीटर होगी और इस पर कुल लागत 57 करोड़ 5 लाख 25 हजार रुपए आएगी।

धामी सरकार ने तोड़ी रुकावटें

मुख्यमंत्री धामी की पूर्व घोषणा के क्रम में शासन ने मंगलवार को प्रमुख अभियंता लोनिवि को आदेश जारी कर दिए हैं। इससे पहले मुख्य सचिव की अध्यक्षता में हुई व्यय–वित्त समिति इस प्रस्ताव को पहले ही मंजूरी दे चुकी थी। अब निर्माण की सभी बाधाएं दूर हो चुकी हैं और काम शुरू होने की राह आसान हो गई है।

जनता की वर्षों पुरानी मांग हुई पूरी

स्थानीय जनता लंबे समय से इस पुल की मांग कर रही थी। पुल बन जाने से गढ़वाल और कुमाऊं के बीच सड़क संपर्क और भी मजबूत होगा। इससे न सिर्फ यातायात सुगम होगा बल्कि क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को भी गति मिलेगी।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि—
“सिंगटाली पुल का निर्माण जनता की वर्षों पुरानी मांग थी। सरकार ने इस दिशा में ठोस कदम उठाया है। अब तेजी से कार्य प्रारंभ कर इसे तय समय सीमा में पूरा किया जाएगा।”

📢 खबरों को सबसे पहले पाने के लिए पर्वतजन को फॉलो करें

👉 WhatsApp Channel Join करें 👉 WhatsApp Group Join करें 📲 App Download करें

Related Posts