चमोली। भारत मौसम विज्ञान विभा (IMD) देहरादून ने 28 अगस्त 2025 को उत्तराखंड के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश और गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। पूर्वानुमान के मुताबिक कुछ जगहों पर अति तीव्र से अत्यंत तीव्र वर्षा दौर होने की संभावना जताई गई है।
इसी अलर्ट को देखते हुए जनपद चमोली प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। 28 अगस्त को जिले के सभी सरकारी, गैर-सरकारी और प्राइवेट स्कूल (कक्षा 1 से 12 तक) एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित कर दिया गया है।
मुख्य शिक्षा अधिकारी चमोली ने सभी विद्यालयों को आदेश का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही जिला कार्यक्रम अधिकारी (बाल विकास) को भी आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश लागू कराने के निर्देश दिए गए हैं।
बच्चों की सुरक्षा प्राथमिकता
जिला प्रशासन ने कहा है कि छात्रों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। ऐसे में बारिश और भूस्खलन की आशंका को देखते हुए स्कूलों को बंद करने का निर्णय लिया गया है।
आपदा प्रबंधन अलर्ट पर
अपर जिलाधिकारी एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण चमोली ने आम जनता से अपील की है कि मौसम विभाग के अलर्ट को गंभीरता से लें, अनावश्यक यात्रा से बचें और नदी-नालों के पास जाने से परहेज करें।




