Uttarakhand News: पहली बार सीएयू को मिली महिला सचिव

देहरादून, 2025। क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड (CAU) के चुनाव में इतिहास रचते हुए पहाड़ की बेटी किरण रौतेला वर्मा सचिव पद पर निर्विरोध निर्वाचित हुई हैं।

बीसीसीआई से मान्यता प्राप्त प्रदेश की किसी भी क्रिकेट एसोसिएशन में यह पहली बार है जब किसी महिला को सचिव पद की बड़ी जिम्मेदारी मिली है।

वहीं, कुमाऊं के दीपक मेहरा को अध्यक्ष पद पर निर्विरोध चुना गया। उपाध्यक्ष पद पर अजय पांडेय और कोषाध्यक्ष पद पर देहरादून के मानस मेंगवाल निर्विरोध चुने गए।

उत्तरकाशी की बेटी किरण की ऐतिहासिक उपलब्धि

किरण रौतेला वर्मा उत्तरकाशी जिले के बड़कोट स्थित तुनालका गांव की निवासी हैं। उनके पिता का नाम केदार सिंह रौतेला और माता का नाम सुशीला रौतेला है। उनकी इस उपलब्धि पर पूरे पर्वतीय समाज और क्रिकेट जगत में खुशी की लहर है।

किरण ने कहा कि महिला सचिव के चुने जाने से उत्तराखंड में महिला क्रिकेट के विकास को नई दिशा मिलेगी और अधिक लड़कियां क्रिकेट में भागीदारी के लिए प्रेरित होंगी।

निर्विरोध निर्वाचन, गढ़वाल-कुमाऊं का संतुलन

सीएयू के चुनाव की नामांकन प्रक्रिया 29 से 30 अगस्त तक चली। पहले दिन आठ पदों के लिए नामांकन दाखिल किए गए, लेकिन दूसरे दिन कोई नया नामांकन नहीं हुआ। इसके चलते शनिवार को हुई सीएयू की एजीएम बैठक में सभी पदों पर निर्विरोध निर्वाचन घोषित किया गया।

इस बार कार्यकारिणी में गढ़वाल और कुमाऊं दोनों क्षेत्रों का संतुलित प्रतिनिधित्व दिखा।

  • संयुक्त सचिव – नूर आलम
  • काउंसलर – मनोज नौटियाल
  • गवर्निंग काउंसिल सदस्य – सुनील कुमार जोशी और अरुण तिवारी

अध्यक्ष दीपक मेहरा ने दी नई दिशा की रूपरेखा

नव निर्वाचित अध्यक्ष दीपक मेहरा ने कहा कि अल्प समय में ही उत्तराखंड की क्रिकेट एसोसिएशन ने कई उपलब्धियां हासिल की हैं। अब वरिष्ठ सदस्यों और नई टीम के सहयोग से क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

महिला भागीदारी से क्रिकेट में नई शुरुआत

किरण की नियुक्ति को उत्तराखंड क्रिकेट के लिए नई शुरुआत माना जा रहा है। पर्वतीय क्षेत्र की बेटी की इस उपलब्धि ने न सिर्फ स्थानीय समाज को गौरवान्वित किया है, बल्कि राज्य में महिला नेतृत्व और महिला खिलाड़ियों की भागीदारी को भी बढ़ावा दिया है।

📢 खबरों को सबसे पहले पाने के लिए पर्वतजन को फॉलो करें

👉 WhatsApp Channel Join करें 👉 WhatsApp Group Join करें 📲 App Download करें

Related Posts