सितंबर 2025। उत्तराखंड में सड़क हादसों का सिलसिला जारी है। आज सुबह ऋषिकेश-चंबा-गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-94) पर यात्रियों से भरी बस अचानक सड़क पर पलट गई।
इस दर्दनाक हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 13 यात्री घायल हो गए। घायलों का उपचार नजदीकी अस्पताल में चल रहा है।
नागनी और आमसेरा के बीच हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, विश्वनाथ सेवा बस घनसाली के घुत्तू से देहरादून जा रही थी। रास्ते में नागनी और आमसेरा के बीच अचानक संतुलन बिगड़ने से बस पलट गई। हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे।
प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीम पहुंची
सूचना मिलते ही पुलिस और जिला आपदा प्रबंधन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। जिला आपदा प्रबंधन से मिली जानकारी के अनुसार,“बस दुर्घटना में दो लोगों की मौत हुई है और 13 यात्री घायल हैं, जिनका उपचार जारी है।”
घायलों का चल रहा इलाज
सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए बड़ी अस्पतालों में रेफर किया जा रहा है। हादसे की सूचना पर मृतकों और घायलों के परिजनों में कोहराम मच गया।



