शर्मनाक : आर्मी कैंटीन के हवलदार ने नाबालिग से की छेड़छाड़ । पुलिस ने किया गिरफ्तार

थराली (चमोली)। गिरीश चंदोला 
उत्तराखंड के चमोली जिले के थराली नगर पंचायत क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई जब एक सीएसडी कैंटीन में तैनात हवलदार पर 13 वर्षीय नाबालिग से छेड़छाड़ का प्रयास करने का मामला सामने आया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, रविवार को थराली के राड़ीबगड़ स्थित आर्मी सीएसडी कैंटीन में तैनात आसाम रेजिमेंट के हवलदार रविंद्र कुमार नाथ ने पास ही रहने वाली एक नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर कैंटीन के अंदर ले गया। बताया जा रहा है कि उस समय कैंटीन रविवार के कारण बंद थी, लेकिन हवलदार ने उसे जबरन खोल लिया था।

पीड़िता की मां ने बताया कि दोपहर को उनकी 13 वर्षीय बेटी अपने कुत्ते को टहलाने के लिए बाहर गई थी, तभी हवलदार ने उसे अंदर बुलाया और गलत हरकत करने की कोशिश की। किसी तरह नाबालिग ने खुद को उसके चंगुल से छुड़ाया और घर पहुंचकर अपने माता-पिता को घटना की जानकारी दी।

परिजनों की शिकायत पर थराली थानाध्यक्ष पंकज कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और हवलदार को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 354 (छेड़छाड़), धारा 7/8 पोक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।

घटना की जानकारी मिलते ही थराली नगर क्षेत्र में लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। स्थानीय नागरिकों ने कहा कि इस तरह की घिनौनी हरकत वर्दीधारी व्यक्ति द्वारा करना बेहद शर्मनाक है।

फिलहाल, पुलिस ने आरोपी को थाने में लाकर पूछताछ शुरू कर दी है और पीड़िता का मेडिकल परीक्षण भी कराया गया है।
थराली थाना प्रभारी पंकज कुमार ने बताया कि “मामला बेहद गंभीर है, आरोपी हवलदार को गिरफ्तार कर लिया गया है। जांच पूरी पारदर्शिता के साथ की जा रही है और पीड़िता को हर संभव न्याय दिलाया जाएगा।”

Read Next Article Scroll Down

Related Posts