एसजीआरआर मेडिकल कॉलेज में नवागंतुक छात्रों की वाइट कोट सेरेमनी और चरक शपथ का आयोजन

देहरादून |  अक्टूबर 2025

श्री गुरु राम राय इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एंड हेल्थ साइंसेज (SGRRIM&HS) में एमबीबीएस सत्र 2025 के नवागंतुक (फ्रेशर) छात्रों की वाईट कोट सेरेमनी और चरक शपथ का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर छात्रों को चिकित्सा पेशे में कदम रखते हुए सेवा, अनुशासन और मानवता के मूल्यों को आत्मसात करने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ, जिसमें श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय के वाइस चांसलर इंचार्ज एवं प्रेसिडेंट के सलाहकार प्रो. (डॉ.) प्रथप्पन के पिल्लई, संस्थान के निदेशक डॉ. मनोज कुमार गुप्ता, प्राचार्य डॉ. अशोक नायक और श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल के मुख्य चिकित्साधीक्षक डॉ. कर्नल अनिल मलिक ने संयुक्त रूप से भाग लिया।

वाइट कोट सेरेमनी में डॉक्टर बनने का पहला कदम

इस सेरेमनी के दौरान वरिष्ठ डॉक्टरों और फैकल्टी सदस्यों ने स्वयं नवागंतुक छात्रों को वाइट कोट पहनाकर चिकित्सा क्षेत्र में उनके प्रवेश का स्वागत किया।
मुख्य अतिथि प्रो. (डॉ.) प्रथप्पन के पिल्लई ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा —

“आप सभी आने वाले कल के डॉक्टर हैं। आज का दिन आपके जीवन का ऐतिहासिक क्षण है, जब आपने पहली बार मेडिकल प्रोफेशन की पहचान — वाइट कोट — पहना है। इस कोट से जुड़ी ज़िम्मेदारी, अनुशासन और आदर्श को समझकर ही आप एक सफल व संवेदनशील डॉक्टर बन पाएंगे।”

“वाईट कोट सिर्फ पोशाक नहीं, एक व्रत है” – डॉ. मनोज कुमार गुप्ता

संस्थान के निदेशक डॉ. मनोज कुमार गुप्ता ने कहा कि वाइट कोट पहनते ही एक मेडिकल छात्र समाज के प्रति उत्तरदायी बन जाता है। उन्होंने कहा —

“मेडिकल शिक्षा केवल किताबों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह मरीजों के प्रति संवेदना और मानवीय व्यवहार सिखाने का भी माध्यम है।”

वहीं, प्राचार्य डॉ. अशोक नायक ने अपने संबोधन में कहा कि एसजीआरआरआईएमएंडएचएस न केवल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करता है, बल्कि यहां छात्रों को मानवता की सेवा का भी संस्कार सिखाया जाता है।

चरक शपथ के साथ शुरू हुआ नए जीवन का अध्याय

अकादमिक इंचार्ज डॉ. निधि जैन ने सभी नवागंतुक छात्रों को चरक शपथ दिलाई। इस अवसर पर डॉ. पुनीत ओहरी ने बताया कि वाइट कोट सेरेमनी और चरक शपथ नेशनल मेडिकल कमीशन (NMC) के दिशा-निर्देशों के अनुसार हर साल आयोजित की जाती है।

उन्होंने कहा —

“चरक शपथ छात्रों को मेडिकल प्रोफेशन के नैतिक और मानवीय मूल्यों का बोध कराती है। यह एक वादा है कि वे ईमानदारी, परिश्रम और निष्ठा से मरीजों और समाज की सेवा करेंगे।”

134 फ्रेशर्स ने लिया हिस्सा

इस वर्ष वाइट कोट सेरेमनी और चरक शपथ में कुल 134 नवागंतुक छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. वाणी शर्मा ने किया।

इस अवसर पर डॉ. सुमन बाला, डॉ. ललित कुमार वाष्णेय, डॉ. तारिख मसूद, विभिन्न विभागाध्यक्ष, फैकल्टी सदस्य और छात्रों के अभिभावक भी उपस्थित रहे।

Read Next Article Scroll Down

Related Posts