आतंक: आवारा कुत्ते ने किया चार साल की बच्ची पर हमला। बुरी तरह हुई घायल

त्यूणी, 16 अक्टूबर 2025। नीरज उत्तराखंडी 

सीमांत तहसील क्षेत्र के सैंज गांव में बुधवार को एक आवारा कुत्ते ने चार वर्षीय बच्ची पर हमला कर उसका हाथ बुरी तरह नोंच दिया। ग्रामीणों के अनुसार, यही कुत्ता क्षेत्र में दो गायों पर भी हमला कर चुका है। परिजनों ने घायल बच्ची को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र त्यूणी पहुंचाया, जहां उसका उपचार किया गया।

डॉक्टरों ने बच्ची के घावों की सफाई कर एंटी रैबीज वैक्सीन (ARV) की पहली डोज दी। घटना के बाद से गांव में दहशत का माहौल है।

कैसे हुआ हमला

जानकारी के अनुसार, सैंज गांव में नेपाली मूल की चार वर्षीय बच्ची घर के बाहर खेल रही थी, तभी अचानक एक आवारा कुत्ता दौड़कर आया और उस पर हमला कर दिया। कुत्ते ने बच्ची के हाथ को जगह-जगह से काट लिया। परिजनों और ग्रामीणों ने किसी तरह कुत्ते को भगाया और बच्ची को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।

चिकित्सक ने क्या कहा

प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. नरेंद्र सिंह राणा ने बताया कि,

“बच्ची के हाथ के घावों को अच्छी तरह साफ किया गया है और उसे एंटी रैबीज वैक्सीन की पहली डोज दी गई है। कुत्ते के पागल होने की पुष्टि नहीं हुई है। अगर कुत्ता रैबीज से संक्रमित होता, तो वह कई लोगों पर हमला करता।”

उन्होंने यह भी कहा कि कई बार जानवरों को छेड़ने या उकसाने पर भी वे काट लेते हैं।

गायों पर भी किया हमला

ग्रामीणों के अनुसार, यही कुत्ता कठंग गांव में दो गायों पर भी हमला कर चुका है। लोगों ने प्रशासन से आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या पर रोक लगाने और प्रभावित गांवों में पशु चिकित्सा टीम भेजने की मांग की है।

पहले भी हो चुकी हैं घटनाएं

ग्रामीणों ने बताया कि इससे पहले मोरी क्षेत्र में भी एक कुत्ते के काटने के बाद एक गाय की मौत हो गई थी। इसके बाद गाय का दूध पीने वाले 22 ग्रामीणों ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र त्यूणी में उपचार करवाया था।

📢 खबरों को सबसे पहले पाने के लिए पर्वतजन को फॉलो करें

👉 WhatsApp Channel Join करें 👉 WhatsApp Group Join करें 📲 App Download करें

Related Posts