उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया। चंबा-कोटीकॉलोनी मार्ग पर नैल के समीप एक वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा, जिसमें सवार 10 लोगों में से 8 की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 2 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वाहन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में गिर गया। हादसा इतना भीषण था कि अधिकांश यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया और घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यूटिलिटी पिकअप वाहन खाई में गिरा है, जिसमें लगभग 9–10 लोग सवार थे, 02 व्यक्तियों को रेस्क्यू किया जा चुका है। 8 लोगों की मौत हुई है।
अंतिम संस्कार से लौट रहे थे सभी यात्री
बताया जा रहा है कि वाहन में सवार सभी लोग घनसाली क्षेत्र के चांजी, ठेला और चकरेडा गांव के निवासी थे, जो हरिद्वार में एक अंतिम संस्कार में शामिल होकर वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में यह हादसा हो गया, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है।
हादसे में घायल हुए दो लोगों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत गंभीर बनी हुई है और उन्हें बेहतर उपचार दिया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं और आगे की कार्रवाई में जुट गई हैं। वर्तमान में SDRF टीम, स्थानीय पुलिस व फायर सर्विस द्वारा मौके पर रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है, जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल भी मौके पर पहुंचे, राहत और बचाव कार्य जारी है।
सीएम धामी ने जताया शोक
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस दर्दनाक हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि टिहरी गढ़वाल जिले के चंबा क्षेत्र अंतर्गत नैल-कोटी कॉलोनी मार्ग पर वाहन दुर्घटना का समाचार अत्यंत दुखद है।
मुख्यमंत्री ने ईश्वर से प्रार्थना करते हुए कहा कि दुर्घटना में दिवंगत हुए लोगों की आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान मिले तथा शोक संतप्त परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान हो।
उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन को घायलों के समुचित उपचार के लिए आवश्यक निर्देश दे दिए गए हैं। साथ ही बाबा केदार से घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की है।




