देहरादून,अप्रैल 2026/नीरज उत्तराखंडी
जनपद देहरादून में एलपीजी गैस(lpg gas) की कालाबाजारी और अवैध रिफिलिंग के खिलाफ जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 32 सिलेंडर, 4 गैस रिफिलिंग उपकरण और 327 सिलेंडरों से लदे एक वाहन को कब्जे में लिया है।
कार्रवाई के दौरान वाहन चालक मौके से फरार हो गया, जबकि पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देश पर जिला प्रशासन की क्यूआरटी टीम ने निरंजनपुर सब्जी मंडी के समीप स्थित सिद्ध पीठ प्राचीन मंदिर के पास एक बंद पड़े पेट्रोल पंप के कमरे में देर रात छापेमारी की। यह कार्रवाई रात्रि 12 बजे से सुबह 4 बजे तक चली, जिसमें अवैध गैस रिफिलिंग का भंडाफोड़ हुआ।
छापेमारी के दौरान मौके से 27 घरेलू, 4 छोटे और 1 व्यावसायिक गैस सिलेंडर (Gas cylinder)बरामद किए गए। साथ ही वाहन संख्या UP17BT0390, जिसमें 327 गैस सिलेंडर लदे हुए थे, को भी प्रशासन ने कब्जे में ले लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि यह वाहन लोनी स्थित बोटलिंग प्लांट से करीब 360 सिलेंडर लेकर निकला था।
जांच में यह भी स्पष्ट हुआ कि गैस सिलेंडरों की अवैध रिफिलिंग कर उन्हें ऊंचे दामों पर बाजार में बेचने की तैयारी की जा रही थी। यह कृत्य आवश्यक वस्तु अधिनियम का उल्लंघन होने के साथ ही जनसुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा है।
प्रकरण में थाना पटेल नगर में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। प्रशासन ने फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।
जिलाधिकारी सविन बंसल ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जनपद में गैस की कालाबाजारी और अवैध गतिविधियों में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।




