एक्सक्लूसिव : सीएम सचिवालय के अधिकारियों में हुआ कार्य विभाजन. जानिए किनके पास है क्या काम !

सचिवालय में पुराने सभी आदेशों को अतिक्रमित करते हुए सीएम सचिवालय के अधिकारियों में कार्य विभाजन कर दिया गया है। अपर मुख्य सचिव मुख्यमंत्री ओम प्रकाश को मंत्री परिषद से संबंधित समस्त प्रकरण तथा भारत सरकार, अंतरराष्ट्रीय मामले, न्यायपालिका सहित मुख्यमंत्री कार्यालय के सभी महत्वपूर्ण और नीतिगत प्रकरण, सभी आवंटित विभागों के मध्य समन्वय इत्यादि के संपूर्ण प्रकरण और राजस्व, सचिवालय प्रशासन, खनन, वन एवं वन्य जीव पर्यावरण आदि से संबंधित समस्त काम दिए गए हैं।

अपर मुख्य सचिव मुख्यमंत्री राधा रतूड़ी को विधान सभा से संबंधित समस्त प्रकरण, भारतीय जनता पार्टी के घोषणापत्र का क्रियान्वयन, गृह, कार्मिक, सतर्कता, नागरिक उड्डयन, आबकारी, ऊर्जा, औद्योगिक विकास, मध्यम एवं सूक्ष्म उद्योग, सूचना प्रौद्योगिकी आदि से संबंधित प्रकरण दिए गए हैं।

सचिव मुख्यमंत्री अमित नेगी को भारत सरकार के साथ समन्वय और बैठकों का काम, मुख्यमंत्री की घोषणाएं, राजभवन से संबंधित कार्य और पेयजल, सिंचाई, बाढ़ नियंत्रण, लघु सिंचाई, खाद्य, नियोजन, लोक निर्माण विभाग, आवास, राज्य संपत्ति, जलागम और शहरी विकास तथा सूचना विभाग जैसे महत्वपूर्ण प्रकरण दिए गए हैं।

सचिव मुख्यमंत्री राधिका झा को भारत सरकार के साथ समन्वय प्रायरिटी प्रोग्राम का क्रियान्वयन और मुख्यमंत्री द्वारा ली जाने वाली विभागीय और जनपदीय बैठकों का एजेंडा, कार्यवृत्त आदि कार्यों के साथ-साथ उद्यान, गन्ना, चीनी, विद्यालयी शिक्षा, उच्च शिक्षा, ग्रामीण विकास, पंचायती राज, अवस्थापना विकास, परिवहन, उद्योग, पर्यटन, संस्कृति, वित्त, वाणिज्य कर, मनोरंजन कर, तकनीकी शिक्षा, स्वराज, भ्रष्टाचार, जन सेवा आदि विभाग दिए गए हैं।

अपर सचिव मुख्यमंत्री प्रदीप रावत को मुख्यमंत्री राहत कोष, विवेकाधीन कोष, भाजपा के घोषणा पत्र का क्रियान्वयन, मुख्यमंत्री के विधानसभा क्षेत्र के कार्यों की समीक्षा तथा आयुष, विज्ञान प्रौद्योगिकी, जैव प्रौद्योगिकी, संस्कृत शिक्षा, मत्स्य, रेशम, दुग्धविकास, सैनिक कल्याण, आदि दिए गए हैं। अपर सचिव मुख्यमंत्री मेहरबान सिंह बिष्ट को राजकीय विभागों के कार्य योजनाएं और मुख्यमंत्री के निर्णय का क्रियान्वयन के साथ-साथ मंत्री, विधायक, सांसद आदि प्रतिनिधियों से मुख्यमंत्री को प्राप्त होने वाले पत्रों पर कार्यवाही के साथ-साथ ग्रामीण विकास, क्षेत्र विकास, ग्रामीण सड़कें, कारागार, चिकित्सा, स्वास्थ्य और परिवार कल्याण सहित चिकित्सा शिक्षा विभाग दिया गया है। इसके अलावा मुख्यमंत्री कार्यालय में तैनात अधिकारियों के लिंक अधिकारी भी नियुक्त किए गए हैं।

इसके अलावा आईएएस बाल मयंक मिश्रा को आयुक्त एवं सचिव राजस्व परिषद का कार्यभार भी दिया गया है। वह अपर सचिव राजस्व उत्पादन और मत्स्य तथा निबंधन एवं सहकारिता विभाग के अपर सचिव भी हैं।

📢 खबरों को सबसे पहले पाने के लिए पर्वतजन को फॉलो करें

👉 WhatsApp Channel Join करें 👉 WhatsApp Group Join करें 📲 App Download करें

Related Posts