भाजपा के अजय भट्ट और धन सिंह ने की स्वर्गीय राजीव गांधी की चरण वंदना

भारतीय जनता पार्टी भले ही पूरे देश में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी को पप्पू ठहराने पर तुली हो, किंतु आज उत्तराखंड में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने जो किया, वह किसी को भी चौंका सकता है।
 भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट, राज्य मंत्री धन सिंह, विधायक खजानदास तथा नरेश बंसल सहित हरीश डोरा आदि भाजपा के तमाम कार्यकर्ताओं ने आज पूर्व प्रधानमंत्री तथा स्वर्गीय राजीव गांधी की प्रतिमा के चरणों पर पुष्प अर्पण करके उन्हें नमन किया।
 केंद्र सरकार के 4 वर्ष पूर्ण होने पर देहरादून के अंबेडकर नगर मंडल वार्ड में चलाए गए स्वच्छता अभियान में इन सभी भाजपा नेताओं ने घंटाघर के पास राजीव गांधी कॉन्प्लेक्स में पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय श्री राजीव गांधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पण करके उन्हें नमन किया। तथा इससे पहले सभी ने मिलकर प्रतिमा को धो पोंछकर साफ-सफाई की।
 एक तथ्य यह भी है कि कुछ दिन पहले देहरादून में राजीव गांधी अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का नाम हटाकर देहरादून अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम कर दिया गया था।
 इस पर जब कांग्रेसियों ने बवाल मचाया तो खेल मंत्री अरविंद पांडे ने कहा कि ऐसा उसी कंपनी ने किया होगा, जिसे यहां की साज सज्जा का जिम्मा दिया गया है। हालांकि बाद में कंपनी द्वारा लगाए गए होर्डिंग में नाम फिर से राजीव गांधी अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम कर दिया गया था।
 इसमें एक चुटीली बात यह है कि कुछ कांग्रेसी इस बात के प्रति भी आशंकित हो गए हैं कि जैसे भाजपा ने पहले कांग्रेस से महात्मा गांधी को छीना, वैसे ही कहीं राजीव गांधी को भी छीन कर अपना ब्रांड अंबेसडर न बना दें।
सवाल उठाया जा रहा है कि इस मौके पर यदि सफाई करनी ही थी तो भाजपा ने अपने दीनदयाल उपाध्याय सरीखे महापुरुषों की मूर्तियों की साफ सफाई क्यों नहीं की ! राजीव गांधी की मूर्ति की ही साफ सफाई करने के पीछे क्या सियासत है !
बहरहाल इस कदम से कांग्रेस और भाजपा दोनों को कितना-कितना फायदा या नुकसान होगा इसका आकलन करना अभी जल्दबाजी होगी।

📢 खबरों को सबसे पहले पाने के लिए पर्वतजन को फॉलो करें

👉 WhatsApp Channel Join करें 👉 WhatsApp Group Join करें 📲 App Download करें

Related Posts