हादसा : पुलिस भर्ती की तैयारी के लिए दौड़ लगा रही दो युवतियों को डंपर ने रौंदा। एक की मौत, एक गंभीर घायल

विशाल सक्सेना 

नानकमत्ता खटीमा हाईवे पर पुलिस भर्ती के लिए दौड़ रही दो युवतियों को डंपर वाहन ने रौंद दिया। हादसे में पचपेड़ा के पूर्व प्रधान की पुत्री की मौत हो गई,जबकि एक युवती गंभीर रूप से घायल है उसे अस्पताल भर्ती कराया गया है। घटना के बाद वाहन चालक वाहन के साथ फरार हो गया, पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है ।

प्राप्त जानकारी के अनुसार,पचपेड़ा भटटा के पूर्व प्रधान सुरेन्द्र सिंह करनावल की 26 वर्षीय पुत्री मंजीत कौर बिडोरा व्यापार मण्डल के अध्यक्ष बलबंत सिंह की पुत्री 23 वर्षीय सुनीता कौर के साथ पुलिस सब इंस्पेक्टर भर्ती की तैयारी कर रही थी,दोनों रोज की तरह शनिवार तड़के घर से खटीमा नेशनल हाईवे पर दौड़ लगाने के लिए निकली थी डियोढ़ी मोड़ के पास हाईवे होटल के सामने सितारगंज की ओर से आ रहे डम्पर ने दोनों को टक्कर मार दी।

टक्कर लगने से मंजीत कौर की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गयी,जबकि उसकी सहेली सुनीता कौर गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसका स्थानीय अस्पताल में उपचार चल रहा है।

सूचना मिलने पर पुलिस ने मृतका मंजीत कौर के शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घटना के बाद चालक मौके से वाहन सहित फरार हो गया ।

पुलिस अज्ञात डम्पर चालक की तलाश कर रही है, वहीं घटना से मृतका के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है । डंपर से हुए हादसे को लेकर ग्रामीणों में भी रोष नजर आ रहा है।

📢 खबरों को सबसे पहले पाने के लिए पर्वतजन को फॉलो करें

👉 WhatsApp Channel Join करें 👉 WhatsApp Group Join करें 📲 App Download करें

Related Posts