ग्राफिक एरा की स्नेह राणा ने रचा इतिहास : कोलंबो में 15 विकेट लेकर बनाया रिकॉर्ड।

देहरादून, 12 मई। ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी की एमबीए छात्रा और प्रतिभावान क्रिकेटर स्नेह राणा ने श्रीलंका में आयोजित महिला वनडे ट्राई नेशन सीरीज में इतिहास रच दिया। उन्होंने एक ही सीरीज में 15 विकेट लेकर सबसे ज़्यादा विकेट लेने वाली पहली भारतीय महिला क्रिकेटर बनने का गौरव हासिल किया है।

स्नेह राणा ने श्रीलंका और साउथ अफ्रीका के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 15 विकेट झटके और इस अभूतपूर्व उपलब्धि के लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ चुना गया। उन्होंने वर्ष 2003 में ऑस्ट्रेलिया की महान गेंदबाज़ कैथरीन फिट्जपैट्रिक द्वारा बनाए गए 15 विकेट के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। इसके साथ ही वह दुनिया की दूसरी महिला क्रिकेटर बन गई हैं, जिन्होंने किसी एक सीरीज में इतने विकेट लिए हों।

इस प्रदर्शन के साथ ही स्नेह ने भारतीय क्रिकेटर नूशिन अल खादीर का 12 विकेट का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया, जो अब तक भारत के लिए महिलाओं की सीरीज में सर्वाधिक विकेट था। फाइनल मुकाबले में स्नेह ने 9.2 ओवर में 38 रन देकर चार महत्वपूर्ण विकेट चटकाए और भारतीय टीम को 97 रनों से जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई।

स्नेह राणा की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर ग्राफिक एरा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन डॉ. कमल घनशाला ने उन्हें बधाई दी और कहा कि पूरे देश को स्नेह पर गर्व है। उन्होंने कहा, “उत्तराखंड की इस बेटी ने न केवल ग्राफिक एरा का, बल्कि पूरे देश और राज्य का मान बढ़ाया है। उनके इस अद्वितीय प्रदर्शन ने एक बार फिर सिद्ध किया है कि ग्राफिक एरा के छात्र-छात्राएं वैश्विक स्तर पर अपनी प्रतिभा से पहचान बना रहे हैं।”

डॉ. घनशाला ने यह भी उल्लेख किया कि ग्राफिक एरा संस्थान शिक्षा के साथ-साथ खेलों को भी भरपूर प्रोत्साहन देता है। ओलंपिक जैसे बड़े मंच पर ग्राफिक एरा के पांच विद्यार्थियों द्वारा देश का प्रतिनिधित्व किया जाना इसकी पुष्टि करता है। स्नेह राणा की सफलता भी इसी प्रेरणा का परिणाम है।

📢 खबरों को सबसे पहले पाने के लिए पर्वतजन को फॉलो करें

👉 WhatsApp Channel Join करें 👉 WhatsApp Group Join करें 📲 App Download करें

Related Posts