ईद के दिन खूनी रंजिश: युवक की चाकुओं से गोदकर हत्या। आरोपी ने खुद किया सरेंडर..

मंगलौर (उत्तराखंड):
ईद उल अजहा की खुशियों के बीच मंगलौर कस्बे के मोहल्ला पठानपुरा से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है।  दिनदहाड़े एक युवक की सरेराह चाकुओं से गोदकर और गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी गई। वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और त्योहार का माहौल मातम में तब्दील हो गया।

मृतक की पहचान साहिल के रूप में हुई है, जबकि आरोपी रियासत, जो उसी मोहल्ले का निवासी है, वारदात को अंजाम देने के बाद स्वयं कोतवाली पहुंचा और अपना जुर्म कबूल कर आत्मसमर्पण कर दिया।

पुरानी रंजिश में ली बेटे की मौत का बदला

पुलिस पूछताछ में आरोपी रियासत ने खुलासा किया कि एक वर्ष पूर्व उसके बेटे की नहर में डूबकर मौत हो गई थी। उस मामले में मृतक साहिल का नाम भी एफआईआर में दर्ज था। तभी से आरोपी रंजिश पाल रहा था और ईद के दिन उसने इस रंजिश का खौफनाक अंजाम दिया।

एसपी ने किया घटनास्थल का मुआयना

घटना की सूचना मिलते ही एसपी देहात स्वप्न किशोर सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने तत्काल मामले की जांच के आदेश दिए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी से पूछताछ जारी है।

इलाके में तनाव, सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद

ईद जैसे पर्व पर हुई इस नृशंस हत्या ने पूरे कस्बे को सदमे में डाल दिया है। मोहल्ले में दहशत और तनाव का माहौल व्याप्त है। हालात को देखते हुए पुलिस ने एहतियातन पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।

📢 खबरों को सबसे पहले पाने के लिए पर्वतजन को फॉलो करें

👉 WhatsApp Channel Join करें 👉 WhatsApp Group Join करें 📲 App Download करें

Related Posts