डीएम जनदर्शन: 4 घंटे में 150 से ज्यादा फरियादें, बुजुर्गों को तुरंत राहत

देहरादून, अगस्त 2025।
देहरादून जिलाधिकारी सविन बंसल की अध्यक्षता में आज ऋषिपर्णा सभागार, कलेक्ट्रेट में डीएम जनदर्शन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 150 से अधिक शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें सबसे अधिक मामले भूमि विवाद से जुड़े रहे। इसके अलावा नगर निगम, एमडीडीए, लोनिवि, पुलिस, वन, विद्युत, जिला पंचायत आदि विभागों से संबंधित शिकायतें भी सामने आईं।

असहाय महिला को पेंशन, उपचार और मकान मरम्मत की सौगात

चुक्खुवाला निवासी सुशीला देवी ने जिलाधिकारी से गुहार लगाई कि वह असहाय विधवा महिला हैं, आय का कोई साधन नहीं है और उनका मकान जर्जर हालत में है। इस पर डीएम ने तत्काल एडीएम वित्त एवं राजस्व को मकान मरम्मत के लिए आपदा मद से प्रस्ताव भेजने, मुख्य चिकित्साधिकारी को स्वास्थ्य उपचार कराने तथा समाज कल्याण अधिकारी को पेंशन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

बेटे द्वारा प्रताड़ना पर बुजुर्गों को दिलाई राहत

  • सावित्री देवी ने बताया कि बेटा उन्हें घर से बाहर निकाल रहा है और बेटी को भी परेशान कर रहा है। इस पर जिलाधिकारी ने तहसीलदार विकासनगर को आख्या प्रस्तुत करने का आदेश दिया।
  • बुजुर्ग कलम सिंह कृषाली ने बेटे द्वारा प्रताड़ित किए जाने की शिकायत की, जिस पर एसडीएम डोईवाला को भरणपोषण अधिनियम के तहत कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
  • 85 वर्षीय भगवती प्रसाद ने घर के बाहर नाली न बनने की समस्या उठाई, जिस पर डीएम ने जिला पंचायतराज अधिकारी से रिपोर्ट मांगी।

संपत्ति विवादों पर भी दिए आदेश

  • भरत सिंह बुटोला, प्रेमनगर ने बताया कि 2012 में भूमि खरीदी थी, लेकिन कब्जा नहीं मिल रहा। डीएम ने तहसीलदार विकासनगर को कार्यवाही करने के आदेश दिए।
  • शिव देवी, प्रेमनगर ने शिकायत की कि उनके बेटे ने अंगूठा लगवाकर संपत्ति अपने नाम कर ली।

अन्य शिकायतों पर भी हुई त्वरित कार्रवाई

  • बद्रीपुर निवासी बंदरों के आतंक से परेशान होकर पहुंचे, जिस पर डीएम ने समाधान का आश्वासन दिया।
  • लखवाड़ निवासी लदुर सिंह ने बांध प्रभावित की अनुग्रहित मुआवजा राशि न मिलने की शिकायत की, जिस पर एसएलएओ को रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
  • राजेश्वरी देवी ने दिव्यांग बेटे और पोते की आर्थिक मदद मांगी, जिस पर संबंधित विभाग को कार्रवाई के आदेश दिए गए।

जनदर्शन में मौजूद रहे अधिकारी

इस दौरान एडीएम वित्त एवं राजस्व के.के. मिश्रा, अपर नगर आयुक्त रजा अब्बास, नगर मजिस्ट्रेट प्रत्युष सिंह, एसडीएम अपूर्वा सिंह, कुमकुम जोशी, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार, विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी स्मृता परमार समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।

📢 खबरों को सबसे पहले पाने के लिए पर्वतजन को फॉलो करें

👉 WhatsApp Channel Join करें 👉 WhatsApp Group Join करें 📲 App Download करें

Related Posts