उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय के कुलपति ने किया नए परिसर का निरीक्षण, अक्टूबर में होगा भूमि पूजन 

बिजेंद्र राणा 

देहरादून, 30 अगस्त। उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नवीन चंद्र लोहनी ने शनिवार को डोईवाला स्थित मारखम ग्रांट-2 में आवंटित भूमि का निरीक्षण किया। यह भूमि विश्वविद्यालय परिसर देहरादून के निर्माण के लिए सरकार द्वारा उपलब्ध कराई गई है।

निरीक्षण के दौरान मंडी परिषद की तकनीकी टीम भी मौजूद रही। कुलपति ने टीम को निर्देश दिए कि आपदा से हुए भूमि कटाव को रोकने के लिए तत्काल सुरक्षा दीवार का निर्माण किया जाए और भविष्य में भू-कटाव रोकने के लिए तटीकरण जैसी मजबूत व्यवस्थाएँ की जाएं।

अक्टूबर में होगा भूमि पूजन

कुलपति प्रो. लोहनी ने जानकारी दी कि परिसर देहरादून का भूमि पूजन इसी वर्ष अक्टूबर माह में प्रस्तावित है। इस परिसर के निर्माण से गढ़वाल मंडल के छात्रों को बड़ी राहत मिलेगी और विश्वविद्यालय अपने विकास क्रम में महत्वपूर्ण छलांग लगाएगा।

विधायक से मुलाकात, सहयोग का आश्वासन

परिसर की भूमि आवंटन और निर्माण को लेकर कुलपति ने स्थानीय विधायक बृजभूषण गैरोला से मुलाकात की। उन्होंने विधायक का आभार जताते हुए कहा कि विश्वविद्यालय परिवार उनके प्रयासों के लिए कृतज्ञ है। विधायक गैरोला ने परिसर निर्माण हेतु हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया और कुलपति की सक्रियता की सराहना की।

शोध और शिक्षा में नई दिशा

कुलपति ने परिसर में आयोजित एक कार्यक्रम में वानिकी विषय के छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय शोध के क्षेत्र में नए-नए कार्यक्रम प्रस्तावित कर रहा है, जो संस्थान को नई दिशा और पहचान देंगे। उन्होंने छात्रों की समस्याएँ सुनकर उन्हें जल्द समाधान का भरोसा भी दिलाया।

कार्यक्रम में उपस्थित रहे

कार्यक्रम में प्रभारी निदेशक डॉ. सुभाष चंद्र रमोला, सहायक क्षेत्रीय निदेशक गोविंद सिंह रावत, डॉ. नरेंद्र जगुड़ी, डॉ. भावना, अरविंद कोटियाल, अजय कुमार सिंह, सी.बी. पोखरियाल, राहुल देव, चेत बहादुर थापा, अभिषेक सहित कई लोग मौजूद रहे।

Read Next Article Scroll Down

Related Posts