एसजीआरआर विश्वविद्यालय में नवरंग डांडिया 3.0 की धूम, गरबा-डांडिया संग झूमे छात्र

देहरादून। श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय (SGRR University) में रविवार शाम नवरंग डांडिया 3.0 का भव्य आयोजन हुआ। मां दुर्गा की जयकारों, शंखनाद और दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। हैलीपैड मैदान भक्तिमय और उत्सवधर्मी माहौल से सराबोर हो उठा।

गरबा-डांडिया और पहाड़ी मंडाण की थिरकन

कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने गरबा और डांडिया नृत्य से समां बांध दिया। पारंपरिक धनुची नृत्य ने बंगाली दुर्गा पूजा की झलक पेश की, जबकि पहाड़ी मंडाण की मधुर धुनों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। हाई-वोल्टेज डीजे बीट्स और डांडिया गीतों पर युवाओं ने देर रात तक कदम थिरकाए।

विविधता में एकता का प्रतीक उत्सव

कार्यक्रम का उद्घाटन प्रो. (डॉ.) प्रथप्पन के. पिल्लई, कुलसचिव डॉ. लोकेश गम्भीर, डॉ. मालविका सती कांडपाल और डॉ. आर.पी. सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। प्रो. पिल्लई ने कहा कि नवरंग डांडिया जैसे आयोजन विविधता में एकता का जीवंत उदाहरण हैं, जो विद्यार्थियों में ऊर्जा, उत्साह और सामाजिक जुड़ाव को बढ़ाते हैं।

बंगाली, गुजराती और पहाड़ी व्यंजनों का संगम

आयोजन का एक और आकर्षण रहा पारंपरिक बंगाली, गुजराती और नवरात्रि व्यंजन, जिनमें पहाड़ी पकवानों का स्वाद भी शामिल रहा। व्यंजनों की खुशबू और सांस्कृतिक झलक ने उत्सव को और भी खास बना दिया।

छात्र-छात्राओं का उत्साह चरम पर

हजारों की संख्या में मौजूद छात्र-छात्राओं और फैकल्टी सदस्यों ने रंग-बिरंगे परिधानों में डांडिया और गरबा का आनंद लिया। युवाओं की झूमती ताल और दर्शकों की गूंजती तालियों ने माहौल को जीवंत बना दिया।

विश्वविद्यालय अध्यक्ष ने दी शुभकामनाएं

इस अवसर पर विश्वविद्यालय के प्रेसिडेंट श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने सभी प्रदेशवासियों और देशवासियों को शारदीय नवरात्र की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

📢 खबरों को सबसे पहले पाने के लिए पर्वतजन को फॉलो करें

👉 WhatsApp Channel Join करें 👉 WhatsApp Group Join करें 📲 App Download करें

Related Posts