चारधाम यात्रा 2024: सड़क पर उतरे गढ़वाल आयुक्त विनय शंकर पांडे। अहम बैठक में दिए अहम निर्देश

श्रीनगर (गढ़वाल)। आगामी चारधाम यात्रा के सफल संचालन हेतु सभी संबंधित विभागों को मिलकर कार्य करने की आवश्यकता है। यह निर्देश गढ़वाल आयुक्त विनय शंकर पांडे ने मंगलवार को विकास भवन सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में दिए। बैठक में चारधाम यात्रा की तैयारियों के साथ-साथ वनाग्नि नियंत्रण, पेयजल आपूर्ति, सड़क सुधारीकरण एवं अन्य विकास योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।

आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि मंडल स्तर पर 25 अप्रैल तक सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएं। इसके साथ ही उन्होंने स्टेट हाईवे-31 पर पौड़ी से देवप्रयाग के बीच चल रहे डामरीकरण कार्य की गुणवत्ता का मौके पर जाकर निरीक्षण किया। उन्होंने लोनिवि अधिकारियों को निर्देश दिए कि डामरीकरण का अवशेष कार्य शीघ्र पूर्ण किया जाए।

श्रीनगर में ट्रैफिक और पार्किंग व्यवस्था चुनौतीपूर्ण

आयुक्त पांडे ने कहा कि श्रीनगर यात्रा मार्ग का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है, जहां ट्रैफिक और पार्किंग की स्थिति चुनौतीपूर्ण रहती है। उन्होंने जिला प्रशासन को निर्देश दिए कि ऐसे धर्मशालाओं व रैन बसेरों को चिन्हित किया जाए जहां जरूरतमंद यात्रियों को निशुल्क ठहरने की सुविधा दी जा सके।

उन्होंने सभी वाटर प्वाइंट्स को चालू रखने, सार्वजनिक शौचालयों को स्वच्छ बनाए रखने, और श्रीनगर में ट्रैफिक व्यवस्था का ड्राई रन कराने के निर्देश भी दिए।

ग्रामीण सड़कों की स्थिति पर रिपोर्ट मांगी

आयुक्त ने गढ़वाल जिलाधिकारी को निर्देशित किया कि जनपद के सभी ग्रामीण मोटर मार्गों की स्थिति का सर्वे कराकर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करें। उन्होंने स्टेट हाईवे और अन्य सड़कों पर डामरीकरण व गड्ढामुक्ति कार्यों की गुणवत्ता की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्य की गुणवत्ता में कोई समझौता न हो।

वनाग्नि रोकथाम और जन-जागरूकता पर बल

वनाग्नि रोकथाम की समीक्षा करते हुए उन्होंने विभागीय समन्वय और जनसहभागिता को आवश्यक बताया। उन्होंने जनपद स्तर पर चल रहे नवाचारों, जन-जागरूकता अभियानों और शीतलाखेत मॉडल को 30 से अधिक गांवों में लागू किए जाने पर संतोष व्यक्त किया।

ग्रीष्मकाल में पेयजल आपूर्ति की वैकल्पिक योजना

आगामी ग्रीष्मकाल के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए आयुक्त ने जल संस्थान और जल निगम के अधिकारियों को पंपिंग की अवधि बढ़ाने और आवश्यकता पड़ने पर टैंकर के माध्यम से वैकल्पिक जलापूर्ति की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।

ट्रैफिक और सुरक्षा पर विशेष बल

आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप ने यात्रा प्रारंभ होने से पूर्व श्रीनगर में पार्किंग और ट्रैफिक व्यवस्था का ड्राई रन कराने की बात कही। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान आपात परिस्थितियों से निपटने के लिए पहले से ही तैयारी जरूरी है।

उच्च अधिकारियों की मौजूदगी

समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक लोकेश्वर सिंह, मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत, संयुक्त मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र शेट, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. पारुल गोयल, मुख्य शिक्षाधिकारी नागेन्द्र बर्तवाल, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. विशाल शर्मा, परियोजना निदेशक डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, जिला उद्यान अधिकारी राजेश तिवारी, जिला पर्यटन अधिकारी खुशाल सिंह नेगी व अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

📢 खबरों को सबसे पहले पाने के लिए पर्वतजन को फॉलो करें

👉 WhatsApp Channel Join करें 👉 WhatsApp Group Join करें 📲 App Download करें

Related Posts