दस्तक: उत्तराखंड में मिले दो कोरोना पॉजिटिव। स्वास्थ्य महकमा अलर्ट

देश में एक बार फिर कोरोना संक्रमण ने दस्तक दे दी है। तमिलनाडु, महाराष्ट्र और केरल जैसे राज्यों में केस तेजी से बढ़ते जा रहे हैं। भारत सरकार ने सभी राज्यों को सतर्कता और सावधानी बरतने के निर्देश दिए हैं। हालांकि उत्तराखंड में अभी तक कोई स्थानीय एक्टिव केस सामने नहीं आया है, लेकिन बाहर से आए दो लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि होने के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड में आ गया है।

उत्तराखंड में बाहर से आए दो संक्रमित मिले

उत्तराखंड की स्वास्थ्य महानिदेशक डॉ. सुनीता टम्टा ने जानकारी दी कि 22 मई 2025 तक देश में कोरोना संक्रमण के कुल 277 मामले सामने आ चुके हैं। ये केस मुख्य रूप से तमिलनाडु, महाराष्ट्र और केरल से रिपोर्ट हुए हैं। उत्तराखंड में अभी कोई स्थानीय एक्टिव केस नहीं है, लेकिन दो लोग—जो अन्य राज्यों से आए हैं—उनमें कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है।

  • पहला मामला गुजरात से ऋषिकेश आई 57 वर्षीय महिला का है, जो पूजा के लिए उत्तराखंड आई थीं। उनमें कोरोना के लक्षण पाए गए और जांच में संक्रमण की पुष्टि हुई। फिलहाल महिला का इलाज चल रहा है।

  • दूसरा मामला बेंगलुरु से उत्तराखंड आए एक डॉक्टर का है। उनमें भी कोरोना संक्रमण मिला है और उनका इलाज होम आइसोलेशन में किया जा रहा है।

स्वास्थ्य विभाग ने उठाए एहतियाती कदम

स्वास्थ्य महानिदेशक डॉ. टम्टा ने बताया कि संक्रमण की आशंका को देखते हुए पूरे प्रदेश में स्वास्थ्य तंत्र को सक्रिय कर दिया गया है। केंद्र सरकार के दिशा-निर्देशों के तहत:

  • प्रदेश के सभी मुख्य चिकित्सा अधिकारियों (CMO) को सतर्कता बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।

  • सैंपलिंग की संख्या बढ़ाने को कहा गया है ताकि शुरुआती स्तर पर ही संक्रमण की पहचान की जा सके।

  • अगर कोई पॉजिटिव केस सामने आता है तो उसका जीनोम सीक्वेंसिंग कराया जाएगा, जिससे वायरस के नए वेरिएंट्स का पता लगाया जा सके।

  • ऑक्सीजन प्लांट्स और ऑक्सीजन बेड्स को फिर से एक्टिव मोड में लाया जा रहा है।

लोगों से अपील

स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे भीड़-भाड़ वाले इलाकों में मास्क पहनें, हाथों की सफाई का ध्यान रखें और किसी भी तरह के लक्षण दिखने पर तुरंत जांच कराएं।

📢 खबरों को सबसे पहले पाने के लिए पर्वतजन को फॉलो करें

👉 WhatsApp Channel Join करें 👉 WhatsApp Group Join करें 📲 App Download करें

Related Posts