त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव: आरआरपी समर्थित प्रत्याशियों की ऐतिहासिक जीत

उधम सिंह नगर, टिहरी गढ़वाल और पौड़ी जैसे क्षेत्रों में हुए पंचायत चुनावों में राष्ट्रवादी रीजनल पार्टी के समर्थित प्रत्याशियों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए कई पदों पर जीत दर्ज की है। पार्टी ने इसे जनता के विश्वास और कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम बताया है।

सितारगंज से समाजसेवी श्रीमती आशा देवी नाकुलिया ने जिला पंचायत सदस्य पद पर जीत दर्ज की। पूर्व ग्राम प्रधान रही आशा देवी क्षेत्र में सामाजिक कार्यों के लिए जानी जाती हैं। उनके पुत्र श्री भास्कर सिंह राणा, जो सितारगंज के पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष रह चुके हैं, युवाओं में खासे लोकप्रिय हैं।

वहीं, नेली क्षेत्र पंचायत से श्री अजय कुमार की जीत पर पार्टी ने खुशी व्यक्त करते हुए कार्यकर्ताओं और मतदाताओं का आभार जताया है।

रामनगर डांडा प्रथम क्षेत्र पंचायत से युवा समाजसेवी अमित कुकरेती ने 171 वोटों की बढ़त से शानदार जीत हासिल की। उनकी सादगी और सेवा भाव ने क्षेत्रीय मतदाताओं का विश्वास जीता।

पौड़ी जिले की घुड़दौड़ी पाबो ग्राम सभा से श्रीमती रुचि तैलवाल ने ग्राम प्रधान पद पर जीत दर्ज की। उनकी सफलता को लेकर सुबह से ही क्षेत्र में जश्न का माहौल बना हुआ है।

इससे पूर्व टिहरी गढ़वाल के घनसाली क्षेत्र से प्रख्यात कथा वाचक एवं पार्टी के विधानसभा प्रभारी जितेंद्र थपलियाल निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं।

इन सभी जीतों को लेकर पार्टी ने विजयी प्रत्याशियों को बधाई दी है और क्षेत्रवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया है। पार्टी ने कहा कि यह नतीजे पार्टी की बढ़ती लोकप्रियता और लोगों में भरोसे का संकेत हैं।

राष्ट्रवादी रीजनल पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवप्रसाद सेमवाल ने कहा, “इन जीतों से स्पष्ट होता है कि जनता राष्ट्रवादी रीजनल पार्टी की नीतियों और कार्यप्रणाली में भरोसा जता रही है। पार्टी विकास और जनसेवा के अपने संकल्प पर आगे भी पूरी निष्ठा से काम करती रहेगी।”

📢 खबरों को सबसे पहले पाने के लिए पर्वतजन को फॉलो करें

👉 WhatsApp Channel Join करें 👉 WhatsApp Group Join करें 📲 App Download करें

Related Posts