एसजीआरआर स्कूल की प्रधानाचार्य निलंबित।अभिभावकों से दुर्व्यवहार और आदेश की अवहेलना बनी वजह

देहरादून,  अप्रैल 2025 — श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल, ईसी रोड देहरादून की प्रधानाचार्य श्रीमती शैला जोशी को स्कूल प्रबंधन ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह निर्णय वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों की अवहेलना और अभिभावकों से दुर्व्यवहार की गंभीर शिकायतों के बाद लिया गया।

विद्यालय प्रबंधन द्वारा जारी निलंबन आदेश में कहा गया है कि प्रधानाचार्य ने अपने पद की जिम्मेदारियों का निर्वहन ठीक से नहीं किया, जो प्रशासनिक अनुशासन और विद्यालय संचालन के लिए अनुचित है। इसी कारण मामले की जांच जरूरी समझी गई है। निलंबन की अवधि के दौरान उन्हें नियमानुसार निर्वाह भत्ता दिया जाएगा। साथ ही, उन्हें एसजीआरआर पब्लिक स्कूल, कालिदास रोड, देहरादून में उपस्थित रहकर जांच प्रक्रिया में सहयोग करने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रधानाचार्य को विद्यालय से संबंधित सभी दस्तावेज, उपकरण व चाबियों को श्री कुमारेशा शर्मा को सौंपने के आदेश भी दिए गए हैं।

मामला तब सामने आया जब एक छात्र, जिसने 8वीं कक्षा इसी विद्यालय से उत्तीर्ण की थी, उसे 9वीं में प्रवेश देने से मना कर दिया गया। छात्र के अभिभावक ने इस पर आपत्ति जताते हुए मुख्य शिक्षा अधिकारी कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि विद्यालय उनके निवास स्थान के समीप है और वे अपने बच्चे को उसी विद्यालय में पढ़ाना चाहते हैं।

इसके अतिरिक्त, अन्य अभिभावकों ने भी प्रधानाचार्य पर दुर्व्यवहार करने के आरोप लगाए। सभी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए मुख्य शिक्षा अधिकारी श्री वी.के. ढौंडियाल ने छात्र को प्रवेश दिलाने और अभिभावकों पर किसी प्रकार का दबाव न डालने के निर्देश दिए थे।

हालांकि, प्रधानाचार्य ने इन निर्देशों का पालन नहीं किया और सुनवाई के लिए बुलाए जाने पर भी कार्यालय में उपस्थित नहीं हुईं। दूरभाष पर संपर्क करने की कोशिश के बावजूद उनका रवैया असंतोषजनक रहा।

मुख्य शिक्षा अधिकारी ने स्कूल प्रबंधन को नया प्रधानाचार्य नियुक्त करने और छात्र के प्रवेश सहित आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई पर कोई नकारात्मक असर न पड़े।

विद्यालय प्रबंधन ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए प्रधानाचार्य को निलंबित कर जांच शुरू कर दी है। यह कदम शिक्षा व्यवस्था की पारदर्शिता और छात्रों के हित को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है।

📢 खबरों को सबसे पहले पाने के लिए पर्वतजन को फॉलो करें

👉 WhatsApp Channel Join करें 👉 WhatsApp Group Join करें 📲 App Download करें

Related Posts