उम्मीद: श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल में स्टेज-3 एडवांस कोलन कैंसर की सफल सर्जरी

देहरादून — श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल ने चिकित्सा के क्षेत्र में एक बड़ी सफलता हासिल की है। अस्पताल के वरिष्ठ कैंसर सर्जन डॉ. अजीत तिवारी और उनकी टीम ने स्टेज-3 एडवांस कोलन कैंसर से पीड़ित एक महिला की जटिल सर्जरी सफलतापूर्वक पूरी कर उसे नया जीवन दिया है। इस सर्जरी में एक साथ आंत, अंडाशय, बच्चेदानी और मूत्राशय के कैंसर ग्रसित भागों को सफलतापूर्वक हटा दिया गया।

अन्य अस्पतालों ने सर्जरी से किया था इनकार

महिला मरीज को एक वर्ष पूर्व कैंसर का पता चला था। उन्होंने PGI चंडीगढ़ और हिमालयन अस्पताल, जॉलीग्रांट में इलाज करवाया। PGI में 12 और हिमालयन अस्पताल में 6 कीमोथैरेपी सत्र लिए गए, लेकिन दोनों जगह डॉक्टरों ने सर्जरी को असंभव बताया। ऐसे में मरीज ने निराशा में जीना शुरू कर दिया था।

कैंसर जागरूकता शिविर में मिली नई उम्मीद

श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल द्वारा आयोजित कैंसर जागरूकता शिविर में महिला की मुलाकात डॉ. अजीत तिवारी से हुई। डॉ. तिवारी ने केस की गंभीरता का अध्ययन किया और सर्जरी की संभावनाएं तलाशी। मरीज की सहमति के बाद लगभग 8 घंटे लंबा ऑपरेशन किया गया, जो पूरी तरह सफल रहा।

कैंसर पेट की दीवार तक फैल चुका था

डॉ. अजीत तिवारी ने बताया कि यह एडवांस स्टेज कोलन कैंसर का केस था, जिसमें कैंसर आंतों, पेशाब की थैली, बच्चेदानी, अंडाशय और पेट की दीवार तक फैल चुका था। इस स्थिति में ऑपरेशन की संभावना बहुत कम होती है, लेकिन टीम वर्क और तकनीकी दक्षता के चलते सर्जरी सफल रही।

‘आयुष्मान भारत योजना’ के तहत हुआ निःशुल्क इलाज

महिला का पूरा इलाज ‘आयुष्मान भारत योजना’ के तहत निःशुल्क किया गया। अगर यह सर्जरी प्राइवेट अस्पताल में कराई जाती तो खर्च 13 से 14 लाख रुपये तक होता। इस योजना के चलते मरीज को आर्थिक राहत मिली।

ऑपरेशन के बाद महिला की स्थिति सामान्य

सर्जरी के कुछ सप्ताह बाद महिला की स्थिति सामान्य है और डॉक्टरों के अनुसार अब किसी अतिरिक्त उपचार की आवश्यकता नहीं है। महिला और उनके परिवार ने श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल की टीम का आभार व्यक्त किया।

कोलन कैंसर के मामले तेजी से बढ़ रहे

डॉ. अजीत तिवारी ने बताया कि भारत में अब कोलन कैंसर के मामलों में 8% से 12% तक की वृद्धि देखी जा रही है, और चिंता की बात यह है कि यह रोग अब 50 वर्ष से कम उम्र के लोगों में भी सामने आ रहा है। अनियमित खानपान, तनाव और देर से निदान इसके मुख्य कारण हैं।

श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने दी बधाई

श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल के चेयरमैन श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने डॉ. अजीत तिवारी और उनकी टीम को इस सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं और कहा कि अस्पताल भविष्य में भी कैंसर जैसे रोगों के इलाज हेतु उन्नत तकनीक और समर्पण के साथ काम करता रहेगा।


टीम में शामिल रहे:

  • डॉ. अजीत तिवारी (वरिष्ठ कैंसर सर्जन)
  • डॉ. निशीथ गोविल
  • डॉ. कनिका कपूर

📢 खबरों को सबसे पहले पाने के लिए पर्वतजन को फॉलो करें

👉 WhatsApp Channel Join करें 👉 WhatsApp Group Join करें 📲 App Download करें

Related Posts